*👉🏻 टोपी के कारण हुआ हादसा, चार वाहन टकराए*
जालंधर,18 जून-(प्रदीप भल्ला)- थाना कैंट के अंतर्गत पड़ते पीएपी चौक में सुबह एक के बाद एक चार वाहन टकराने से 7 लोग जख्मी हो गए। जिन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। जानकारी देते हुए घायल विशाल चोपड़ा पुत्र राकेश चोपड़ा निवासी दयालपुर ने बताया कि वह अपने दोस्त जसप्रीत सिंह वालिया पुत्र हरदीप सिंह वालिया निवासी हमीरा के साथ बस स्टैंड की तरफ अपने बाइक पर जा रहे थे कि पीएपी के पास उसके सिर पर पहनी हुई टोपी उड़ गई। जिसे उठाने के लिए उसने अचानक ही अपने बाइक की ब्रेक लगा दी। ब्रेक लगने के कारण पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो उनके साथ टकरा गई। जिसके बाद बोलेरो के पीछे ऑटो और ऑटो के पीछे छोटा हाथी टकरा गया। जिस कारण वाहनों में बैठे लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार हेतु सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। मौके पर पहुंचे एएसआई किशन चंद ने बताया कि बाइक सवारों के अचानक ब्रेक लगाने के कारण सभी वाहन आपस में टकराए थे। जिसमें 7 लोग घायल हुए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है। वह मामले की जांच की जा रही।
