किसान परिवार और प्रवासी मजदूरों के बीच मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप

कपूरथला: सुल्तानपुर लोधी की नई दाना मंडी में एक किसान परिवार और प्रवासी मजदूरों के बीच मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस झड़प में किसान परिवार और कुछ प्रवासी मजदूर जख्मी हुए हैं। जिनका सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी में इलाज चल रहा है। इस विवाद का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार विवाद की शुरूआत किसान की मक्की की फसल को सूखाने को लेकर हो रही देरी से हुई। किसान ने मजदूरों से कहा कि उसकी फसल को समय पर सुखाया जाए, क्योंकि आने वाले दिनों में भारी बारिश का अंदेशा है। जिसके चलते उसकी जितनी भी सूखी फसल है, उसे दोबारा ट्राली में लोड कर दिया जाए।आरोप है कि किसान परिवार की मजूदरों व उसके इंचार्ज ने एक न सुनी तो उसने इसका विरोध किया। जिसके बाद दोनों पक्षों में गहमागहमी के बाद माहौल गरमा गया। देखते ही देखते इस विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
किसान परिवार ने आरोप लगाया कि करीब 100 प्रवासी मजदूरों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और कुछ ने उन ईंट-पत्थरों को बरसाना शुरू कर दिए। जिसमें वह जख्मी हो गए। वहीं, इस झड़प के दौरान दोनों पक्ष झगड़ते हुए एक आढ़ती के ऑफिस के पास पहुंच गए।आढ़ती ने आरोप लगाया कि उसकी दुकान के बाहर ही सरेआम गुंडागर्दी हुई है और उसकी दुकान पर तोड़फोड़ की गई। जिससे उसकी दुकान के ऑफिस के शीशे टूट गए। उन्होंने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। उधर, प्रवासी मजदूरों ने कहा कि उनके साथ धक्केशाही हुई है।उन लोगों ने किसी के साथ मारपीट नहीं की है और न ही किसी की दुकान के शीशे तोड़े हैं। थाना सुल्तानपुर लोधी के एसएचओ इंस्पेक्टर हरगुरेदव सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि अभी तक किसी भी पक्ष ने थाने में शिकायत नहीं की है। शिकायत मिलने पर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



