पापा मैं थक चुका हूं! जज आत्महत्या केस में नया मोड़, पिता का सनसनीखेज खुलासा

दिल्ली में 30 वर्षीय जज अमन कुमार शर्मा ने कथित तौर पर शनिवार को आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि दिल्ली न्यायिक सेवा (डीजेएस) के अधिकारी शर्मा का शव दक्षिण दिल्ली के ग्रीन पार्क स्थित उनके आवास के बाथरूम में फंदे से लटका मिला। शुरुआती जांच में यह मामला आत्महत्या का लग रहा है। इस बीच, अमन के पिता ने सनसनीखेज दावा कर पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है। मृतक अमन शर्मा की पत्नी भी जज बताईं जा रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, 30 वर्षीय अमन शर्मा उत्तर-पूर्वी जिले की जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) में सचिव के पद पर कार्यरत थे। वह ग्रीन पार्क मेन स्थित यू-4ए, प्रथम तल पर रहते थे। उनके बहनोई शिवम ने शनिवार दोपहर करीब 1 बजकर 45 मिनट पर पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी थी।
पिता को किया था आखिरी फोन
यह कदम उठाने से पहले शुक्रवार रात करीब 10 बजे अमन ने अपने पिता को फोन किया था। तब उन्होंने रोते हुए पिता से कहा था, “पापा, मैं बहुत टेंशन में हूं, अब मेरे लिए जीना मुश्किल हो गया है।” बेटे की यह बात सुनकर घबराए पिता उसी रात अलवर से दिल्ली के लिए निकल पड़े, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही अमन ने यह खौफनाक कदम उठा लिया था।