*👉🏻 कार चोर गिरोह का सदस्य काबू* *👉🏻 4 कारें, चाबियां, ट्रांसपोंडर व प्रोग्रामर मशीन बरामद*
जालंधर-(प्रदीप भल्ला/हरदीप बब्बू)- थाना 8 की पुलिस ने कार चोर गिरोह के एक सदस्य को काबू किया है और उसके पास से चोरी की गई 4 कारें, कारों की चाबियां, ट्रांसपोंडर और प्रोग्रामर मशीनें बरामद की है।
जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर प्रवीण कुमार सिन्हा ने बताया कि कारें चोरी करने वाले गिरोह को पकड़ने के लिए स्पेशल टीम का गठन किया गया था जो कि एडीसीपी मनदीप सिंह की अगुवाई में काम कर रही थी। इस टीम में एसीपी नवनीत सिंह माहल, थाना 8 के प्रभारी नवदीप सिंह मौजूद थे। यह टीम वाहन चोर गिरोह की तलाश में जुटी हुई थी। तभी उन्हें गुप्त सूचना मिली कि सोढल चौक की तरफ से एक व्यक्ति चोरी की कार में आ रहा है। सूचना के आधार पर एसआई भगवंत भुल्लर ने जेएमपी फैक्टरी के पास नाकाबंदी कर उस कार को रोका और तलाशी लेने पर कार में से अलग-अलग कंपनी की कारों की चाबियां, ट्रांसपोंडर व प्रोग्राम मशीन बरामद हुई। पूछताछ करने पर आरोपी कार चालक ने बताया कि वह अपने साथी के साथ मिल कारों को चोरी कर जम्मू कश्मीर में उनके चेसी नंबर बदल जाली कागजात तैयार कर सस्ते भाव में बेचता था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 4 कारें बरामद की है। पकड़े गए आरोपी की पहचान शबीर अहमद पुत्र नजीर अहमद निवासी जम्मू कश्मीर के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसका साथी फैयाज अहमद निवासी जम्मू कश्मीर इस काम में उसका साथ देता था। इसीलिए वह पंजाब के अलग-अलग हिस्सों से कारें चोरी कर जम्मू कश्मीर ले जाकर सस्ते भाव में बेच देते थे। आरोपी ने कार चोरी करने के तरीके के बारे में बताते हुए कहा कि वह सबसे पहले जिस गाड़ी को चोरी करना होता था उस जगह की रेकी करते थे और अगले दिन जाकर कार का शीशा तोड़ प्रोग्रामर मशीन और ट्रांसपोंडर से उसका डाटा डिलीट कर देते थे और नकली चाबी लगा कार चोरी कर ले जाते थे। आरोपी ने अब तक 11 वारदातों को कबूल किया है। आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस ने 4 दिन का रिमांड हासिल किया है ताकि और भी वारदातें हल हो सके।
