आसाराम बापू रेप केस फैसला: नाबालिग से रेप मामले में आसाराम समेत तीन आरोपी दोषी करार, दो रिहा
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर की एक नाबालिग लड़की द्वारा कथित तौर पर आसाराम बापू पर जोधपुर के बाहरी इलाके में स्थित अपने आश्रम में यौन उत्पीड़न का आरोप लगाए गए थे।
नाबालिग से रेप मामले में आसाराम बापू पर फैसला सुनाया जा चुका है। इस मामले में आसाराम दोषी करार हुआ है। आसाराम समेत 5 में से तीन आरोपियों को भी दोषी करार दिया गया है। दो सह आरोपियों को बरी कर दिया गया है। इससे पहले जोधपुर कोर्ट पर सबकी निगाहे लगी हुई थीं। पीड़िता व उसके परिजन जहां आसाराम को कड़ी से कड़ी सजा की उम्मीद कर रहे थे। वहीं इस आध्यात्मिक गुरु के समर्थक उसके बरी होने की उम्मीद में थे। गुजरात के अहमदाबाद स्थित आसाराम आश्रम में भक्त अपने बापू मंगलवार से ही हवन कर रहे थे। जोधपुर कोर्ट में सुनवाई का समय सुबह साढ़े आठ बजे तय किया गया था। तय समय से सुनवाई शुरू हुई। फैसले को लेकर आसाराम के समर्थक कहीं उपद्रव ना शुरू कर दें इसे देखते हुए जोधपुर शहर को किले में तब्दील कर दिया गया है।



