*👉🏻 15 घँटे बंद रही प्रभात नगर की बिजली* *👉🏻 कर्मचारियों की कमी से जूझ रहा बिजली विभाग*

जालंधर,5 जून-(प्रदीप भल्ला)-वार्ड नं-64 में पड़ते प्रभात नगर के निवासियों को सारी रात जाग कर गुजारनी पड़ी। जिस कारण बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। सोमवार रात 11:30 बजे प्रभात नगर इलाके में बिजली चली गई। लोगों ने पहले तो बिजली विभाग में शिकायत दर्ज करवाई। लेकिन कोई भी बिजली कर्मी इलाके में नहीं पहुंचा तो इलाका निवासियों ने बिजली बोर्ड के दफ्तर में जाकर वहां पर मौजूद दो बिजली कर्मियों को साथ लिया और इलाके की बिजली ठीक करने के लिए कहा। कुछ देर तक कोशिश करने के बावजूद भी जब इलाके की बिजली नहीं आई तो दोनों बिजली कर्मियों ने जेई को बताया। डेढ़ घंटे बाद जेई भी मौके पर पहुंचा। 
लेकिन बिजली कर्मी फॉल्ट को ठीक नहीं कर पाये। जई ने इलाका वासियों को कहा कि फॉल्ट को ठीक करने के लिए सुबह तक इंतजार करना पड़ेगा। क्योंकि फॉल्ट ठीक करने के लिए और बिजली कर्मियों की जरूरत है। इसी कारण इलाके के सारे लोग रात भर सो नहीं पाए और सुबह होने पर बिजली न आने के कारण लोगों को पानी की किल्लत से भी जूझना पड़ा। इसके बावजूद भी इलाके में बिजली नहीं आई तो लोगों ने बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से संपर्क किया। जिसके बाद दोपहर 2:15 बजे फॉल्ट ठीक हुआ और इलाके की बिजली चालू हुई। जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
—————————————————————————————-
— क्या कहा जेई अमनदीप सिंह ने–
जब इस बारे में जेई अमनदीप सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि हमारे पास इतने कर्मचारी ही नहीं है जो रात में किसी बड़े फॉल्ट को ठीक कर सके। इस इलाके के लिए हमारे पास सिर्फ दो ही कर्मचारी है और पूरा साजो सामान भी नहीं है। जिस कारण रिपेयरिंग में देरी हो जाती है।


