*👉🏻 मामला रियाज़पुरा में हुए ब्लास्ट का* *👉🏻 मृतक और घायलों को मुआवजा ना मिलने से आहत पीड़ितों के परिजनों ने सौंपा पुलिस कमिश्नर को मांग पत्र*
जालंधर,11 जून-(प्रदीप भल्ला)- मार्च महीने में थाना 4 के अंतर्गत पड़ते मोहल्ला रियाज़पुरा में घर में चल रही पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट के कारण एक युवक और एक युवती की मौत हो गई थी और एक घायल हो गया था। जिसके आरोप में फैक्ट्री मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया था और फैक्ट्री मालिक ने पीड़ितों को मुआवजा देने की बात भी कही थी। लेकिन जमानत होने के बाद फैक्ट्री मालिक ने पीड़ितों को मुआवजा देने से इंकार कर दिया और अब उनके परिजनों को डरा-धमका कर राजीनामा करने के लिए दबाव बना रहा है। जिस के विरोध में प्रवासी नेपाली संघ जालंधर ने पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा और मुआवजा देने की मांग की। पीड़ितों के पक्ष में सफाई मजदूर यूनियन के प्रधान चंदन ग्रेवाल भी आ गए है। जिन्होंने पुलिस कमिश्नर से पीड़ितों को इंसाफ दिलाने की मांग की है। संघ के प्रधान गणबहादुर ने बताया कि 27 मार्च को रियाज़पुरा में पटाखा फैक्ट्री में धमाका हुआ था। जिसमें मृतक युवक-युवती और घायल हुए लोगों को फैक्ट्री मालिक ने मुआवजा देने की बात कही थी। लेकिन जैसे ही फैक्ट्री मालिक की जमानत हुई तो उसने अपने सारे किए हुए वादे तोड़ दिए। फैक्ट्री मालिक ने ना तो मृतकों को मुआवजा दिया और ना ही घायलों का इलाज कराया गया। यहां पर कि जो लोग उनके घर में किराए पर रह रहे थे उन्हें भी मकान मालिक ने जबरदस्ती घर से निकाल दिया है और राजीनामा करने का दबाव बनाया जा रहा है। संघ ने पुलिस कमिश्नर से मांग की है कि पीड़ितों को उचित मुआवजा दिलाया जाए और आरोपी फैक्ट्री मालिक पर सख्त कार्रवाई की जाए।


