हरमनप्रीत कौर की ग्रेजुएशन डिग्री फर्जी, सरकार ने कार्यवाही करते हुए DSP पद से हटाने का किया फैसला

भारतीय महिला क्रिकेट टी-20 टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर की मुश्किलें बढ़ गयी हैं. अर्जुन अवार्ड से सम्मानित हरमनप्रीत को डेपुटी सुपरीटेंडेंट ऑफ़ पुलिस(डीएसपी) की नौकरी गवानी पड़ सकती है. पंजाब पुलिस में डीएसपी का पद पाने वाली हरमनप्रीत की ग्रेजुएशन की डिग्री सत्यापन के दौरान फर्जी पायी गयी है.
पंजाब के मोगा की रहने वाली हरमनप्रीत कौर को पंजाब पुलिस में 1 मार्च को डीएसपी के तौर पर शामिल किया गया था. वहीं अब पंजाब पुलिस ने उनके द्वारा दिए गए शिक्षा के विवरण को सही नही पाया है.
डीएसपी के पद से हटाने की प्रक्रिया शुरू
मिली जानकारी के मुताबिक पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की अध्यक्षता में गृह विभाग को एक प्रस्ताव भेजा गया है, जिसमें कहा गया है कि हरमनप्रीत की डिग्री वैध ना होने की वजह से वह डीएसपी के पद पर बनी नही रह सकती.
डीजीपी एमके तिवारी ने कहा ”जब जालंधर पंजाब पुलिस ने डिग्री के सत्यापन के लिए मेरठ यूनिवर्सिटी भेजा तो वहां उस डिग्री का रजिस्ट्रेशन नंबर था ही नही.” इसके साथ ही उन्होंने कहा की इस मामले से जुड़े तथ्य सभी राज्य सरकार को भेज दिए गए हैं. जो उचित कार्रवाई करेंगे”
हरमनप्रीत कौर ने इससे किया इनकार
एक इंग्लिश न्यूज़ पेपर के मुताबिक उनके द्वारा हरमनप्रीत कौर से मोबाइल से संपर्क किया गया. जिसमें उन्होंने ऐसा कुछ होने से इनकार कर दिया है. हरमनप्रीत ने कहा ”मुझे नही पता आपको ऐसा किसने बोला. वैसे तो ऐसा कुछ है नही.”
वहीं जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने अपनी ग्रेजुएशन कब पूरी की और किस विषय में, इस पर हरमनप्रीत ने जवाब देने से इनकार करते हुए कहा ”मैं अपने डिपार्टमेंट से बात करने के बाद ही आपसे बात कर सकती हूं.”
पुलिस विभाग ने हरमनप्रीत कौर की क्रिकेट में उपलब्धियों के बाद उन्हें डीएसपी की रैंक दी थी, लेकिन अब उनकी शिक्षा की योग्यता नियमों के मुताबिक ना होने की वजह से पद छोड़ना पड़ेगा.

