*👉🏻 अदालत में चालान पेश करने के लिए मांगी रिश्वत, चढ़ा विजिलेंस के हत्थे*


जालंधर,31 अगस्त-(प्रदीप भल्ला/विष्णु)-अदालत में चालान पेश करने लिए पांच हज़ार की रिश्वत लेने वाला फिल्लौर थाने का सब-इंस्पेक्टर बख्शीश सिंह विजिलेंस के हत्थे चढ़ा है। जानकारी देते हुए विजय कुमार पुत्र किशोरी लाल निवासी फिल्लौर ने बताया कि उनके बेटे रवि ने 10-9-2016 को आत्महत्या कर ली थी। इसी केस की इन्वेस्टिगेशन सब इंस्पेक्टर बख्शीश सिंह कर रहा था। जिसने अदालत में चालान पेश करने के लिए पांच हज़ार रुपये रिश्वत की मांग की थी। विजय कुमार के अनुसार बख्शीश सिंह पहले भी उनसे कभी मेडिकल तो कभी दस्तावेज तैयार करने के लिए कई बार रुपए ले चुका है। इस बार तंग होकर उन्होंने एसएसपी विजिलेंस दलजिंदर सिंह ढिल्लो को इसकी शिकायत की। जिन्होंने पूरे मामले की जांच डीएसपी सतपाल को सौंपी। डीएसपी सतपाल ने एक टीम को आज रंग लगे नोट देकर विजय कुमार के साथ भेजा। विजय कुमार ने जैसे ही रंग लगे नोट सब इंस्पेक्टर बख्शीश सिंह को दिए तो विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर काबू कर लिया। विजिलेंस टीम ने आरोपी पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
