*👉🏻 एक रात में लाखों की चोरी,तीन दुकानों को बनाया निशाना*
जालंधर,19 सितम्बर-(विष्णु)- थाना डिवीजन नंबर 8 के अंतर्गत आते दोआबा चौक से केएमवी कालेज की तरफ जाती सड़क पर स्थित तीन दुकानों को चोरों ने निशाना बना लाखों रुपए का सामान चुरा लिया। जानकारी के मुताबिक बीती रात चोर छत के रास्ते दुकानों में घुसे और लाखों रुपए का सामान चुरा ले गए। ऑक्सफ़ोर्ड स्ट्रीट नामक कपड़े की दुकान के मालिक विक्रम पुत्र सतपाल निवासी गांव मोखा ने बताया कि उनकी दुकान के पीछे एक खाली प्लाट है। जिसमें पेड़ लगे हुए हैं। चोर इस पेड़ के सहारे छत पर पहुंचे और ऊपर से दुकान में दाखिल हो अंदर से दो लाख रुपये के कपड़े,एक लैपटॉप व अन्य सामान चुरा ले गए। इसी प्रकार ज़िपटॉप कंप्यूटर के मालिक परमिंदर पाल सिंह पुत्र राजिंदर सिंह निवासी प्रीत नगर सोढल रोड की दुकान से चोर 20 लैपटॉप,80- 90 के करीब मोबाइल,दो हज़ार की नकदी चुरा ले गए। इसके साथ ही लगती दुकान स्वामी इलेक्ट्रिकल के मालिक ओंकार सिंह पुत्र कर्ण सिंह निवासी सत्त नगर ने बताया कि उनकी दुकान से चोर 3000 की नकदी व अन्य सामान चुरा ले गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही थाना 8 की प्रभारी हिना गुप्ता व फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी की फुटेज चेक रही है।


