*👉🏻 घर की निचली मंज़िल पर लगी आग, ऊपरी मंजिल पर फंसे परिवार को बचाने के लिए फायर बिग्रेड कर्मियों को करनी पड़ी मशक्कत*
जालंधर,19 सितम्बर-(प्रदीप भल्ला)-थाना डिवीजन नंबर एक के अंतर्गत आती बीएसएफ कॉलोनी में रात 2 बज कर 10 मिनट पर एक कोठी में शॉर्ट सर्कट के कारण आग लगने से सारा सामान जलकर राख हो गया। आग की लपटों के कारण परिवार के दो सदस्य मामूली रूप से झुलस गए। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल दाखिल करवाया गया। जानकारी देते हुए घर के मालिक विष्णु दत्त के बेटे विवेक ने बताया कि वह सभी ऊपरी मंजिल पर सो रहे थे कि अचानक रात 2:10 पर उन्हें गर्मी महसूस हुई और कमरे में धुंआ दिखाई दिया। उठकर जैसे ही उन्होंने देखा तो निचली मंजिल पर आग लगी हुई थी। जिसकी सूचना तुरंत ही दमकल विभाग को दी गई। दमकल विभाग की 2 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग के कारण निचली मंजिल पर पड़ा सारा सामान जलकर राख हो गया। दमकल विभाग के अधिकारी सुनील दत्त ने बताया कि उन्हें देर रात फोन आया कि बीएसएफ कॉलोनी की एक कोठी में आग लगी है। जब मौके पर जाकर देखा तो निचली मंज़िल पर आग लगी हुई थी और ऊपरी मंजिल पर पूरा परिवार फंसा हुआ था। दमकल विभाग की एक गाड़ी के कर्मचारी आग बुझाने में लग गए और दूसरी गाड़ी के कर्मचारी परिवार को बचाने में जुट गए। दमकल विभाग के कर्मचारियों ने बड़ी मशक्कत के बाद परिवार को आग से बचाया और आग पर काबू पाया।

