*👉🏻 जम्मू-कश्मीर से डोडे चूरापोस्त लाकर पंजाब में सप्लाई करने वाले आठ काबू*
जालंधर,7 अक्तूबर-(प्रदीप भल्ला/हरदीप सिंह बब्बू)-देहात पुलिस को उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी जब नाकाबंदी दौरान पुलिस ने आठ नशा तस्करों को 300 किलो चूरापोस्त सहित काबू कर लिया। जानकारी देते हुए एसएसपी नवजोत सिंह माहल व एसपी गुरमीत सिंह ने बताया कि थाना भोगपुर के प्रभारी सुरजीत सिंह व काउंटर इंटेलिजेंस के एएसआई मुख्तियार सिंह अपनी अपनी पुलिस पार्टी के साथ मेन जीटी रोड भोगपुर-जालंधर मौजूद थे और नाकाबंदी दौरान पठानकोट की तरफ से आ रही गाड़ियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस पार्टी ने एक ट्रक,एक सेंट्रो कार और एक एक्टिवा को रोका। इन सभी गाड़ियों में प्लास्टिक के बोरे रखे हुए थे। जिनकी तलाशी लेने पर हरेक बोरे में से चूरापोस्त बरामद हुआ। जिसका वजन 300 किलो था। पुलिस ने सभी गाड़ियों में सवार आठ लोगों को काबू कर पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वह जम्मू-कश्मीर से डोडे चूरापोस्त लाकर पंजाब के अलग-अलग शहरों में सप्लाई करते हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जावेद अहमद बानी पुत्र गुलाम हसन बानी निवासी जम्मू-कश्मीर,विशाल शर्मा पुत्र राम कुमार शर्मा निवासी जम्मू-कश्मीर,जावेद अहमद सूफी पुत्र अब्दुल रहमान सूफी निवासी जम्मू-कश्मीर,फ़ियाज़ अहमद बानी पुत्र गुलाम रसूल बानी निवासी जम्मू-कश्मीर,मुहम्मद तुफीक पुत्र मुहम्मद इस्माइल निवासी जम्मू-कश्मीर,पवन कुमार उर्फ बब्बू पुत्र सोहन लाल निवासी सतनामपुरा फगवाड़ा ज़िला कपूरथला,हरभजन सिंह उर्फ भज्जा पुत्र सोहन सिंह निवासी मोगोवाल थाना माहिलपुर ज़िला होशियारपुर,इक़बाल मुहम्मद पुत्र आलमदीन निवासी जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।

