*👉🏻 जालंधर में करवाचौथ पर अपने ही खून से फेशियल करवाने का महिलाओं में ट्रेंड*
जालंधर,27 अक्तूबर-(प्रदीप भल्ला)- महिलाओं का सबसे बड़ा त्यौहार करवाचौथ पूरे देश में बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है। करवाचौथ के दिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र की कामना के लिए पूरा दिन उपवास रखती है और इस दिन के लिए महिलाएं पहले ही तैयारियां शुरू कर देती हैं। महिलाएं नए कपड़े,चूड़ियां खरीदती हैं और करवाचौथ के दिन पहनती हैं। ब्यूटी पार्लर वगैरह में इस दिन के लिए काफी भीड़ रहती है। लेकिन जालंधर के रामा मंडी में स्थित एक पार्लर में महिलाएं अपने चेहरे को निखारने के लिए किसी फेस पैक का नहीं बल्कि अपने ही खून को निकलवा कर उसका फेशियल करवा रही हैं। रामा मंडी मे स्थित एक जगह पर जोंक (लीच) के जरिए महिलाओं के शरीर से खून निकाला जाता है और उसी खून से महिलाओं के चेहरे पर फेस पैक लगाया जाता है। 15:20 मिनट तक इस फेस पैक को लगाने के बाद महिलाएं अपना चेहरा धो लेती है। जिसके बाद उनके चेहरे पर निखार आ जाता है। इस पार्लर के मालिक विशाल ने बताया कि वह जोंक (लीच) को महिलाओं के शरीर पर लगा देते हैं जो कि गंदे खून को चूस लेती हैं। जिसके बाद जोंक से वह खून निकाल लिया जाता है और उसे फेस पैक के तौर पर महिला के चेहरे पर लगा दिया जाता। करीब 20:25 मिनट तक इस फेस पैक को लगाने के बाद महिलाएं जब चेहरा धोती हैं तो उनके चेहरे पर अलग ही चमक आ जाती है। खून का फेस पैक लगाने वाली महिलाएं रितु बाला और इंदरजीत कौर ने बताया कि इस फेस पैक में कोई केमिकल नहीं होता। जिस कारण चेहरे को कोई नुकसान पहुंचने का खतरा भी नहीं होता। इसलिए जोंक द्वारा चूसे गए खून का फेस पैक लगवाना वह पसंद करती हैं। अब देखना यह है कि क्या इस तरह के फेस पैक को दूसरी महिलाएं पसंद करेंगी या नहीं।