*👉🏻 चोर गिरोह के तीन नाबालिग सदस्य काबू* *👉🏻 तीन बाइक और चार एक्टिवा बरामद*
जालंधर,7 जनवरी 2019-(प्रदीप भल्ला/हरदीप सिंह बब्बू)- थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस ने चोरी के सात दोपहिया वाहनों सहित तीन नाबालिग युवकों को काबू किया है। जानकारी देते हुए एडीसीपी-2 डी. सुडरविली ने बताया कि एसीपी वेस्ट सरबजीत राय की अगुवाई में थाना बस्ती बावा खेल के प्रभारी सुखबीर सिंह के दिशा-निर्देशों पर एएसआई महिंद्र सिंह पुलिस पार्टी सहित बाबा बुड्ढा जी पुल पर मौजूद थे और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक स्पलेंडर बाइक पर सवार तीन युवकों को आते देख उन्हें रुकने का इशारा किया। बाइक चालक पुलिस पार्टी को देख घबरा गए और बाइक को वापस मोड़ने लगे। पुलिसकर्मियों ने तीनों युवकों को काबू कर उनसे बाइक के कागजात मांगे। बाइक चालक युवक कोई भी दस्तावेज दिखा ना पाए। पूछताछ में पता चला यह तीनों युवक 18 साल से कम उम्र के हैं और चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं।
जिस बाइक पर वह आ रहे थे वह भी चोरी का था। युवकों की निशानदेही पर पुलिस ने 3 बाइक और चार एक्टिवा बरामद किए हैं। जिन्हें इन्होंने अलग-अलग जगहों से चुराया था। पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई कर उन्हें जुवेनाइल अदालत में पेश किया। जहां से तीनों युवकों को होशियारपुर के जुवेनाइल चाइल्ड ऑब्जर्वेशन होम में भेज दिया है।



