*👉🏻 संदिग्ध कश्मीरियों की सूचना से पुलिस में हड़कंप, जांच के बाद पुलिस ने छोड़े कश्मीरी युवक*
जालंधर,7 जनवरी 2019-(प्रदीप भल्ला)- थाना डिवीजन नंबर एक के अंतर्गत आते वेरका मिल्क प्लांट नजदीक एक कॉलोनी में कुछ संदिग्ध कश्मीरियों की सूचना मिलने पर पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 1 की पुलिस मौके पर पहुंची और कश्मीरियों को काबू कर थाने ले आई। जांच करने पर कश्मीरी युवक बेकसूर निकले तो पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया। जानकारी के अनुसार वेरका मिल्क प्लांट नज़दीक स्थित एक कॉलोनी में कुछ कश्मीरी युवक एक घर का दरवाजा खटखटा रहे थे। घर की मालकिन उन्हें देख घबरा गई और इलाका निवासियों की मदद से पुलिस को सूचित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस उन कश्मीरी युवकों को काबू कर थाने ले आई और जांच करने पर पता चला कि यह कश्मीरी युवक लकड़ी काटने का काम करते हैं। वह घर का दरवाजा इसलिए खटखटा रहे थे कि उन्हें भूख लगी थी ताकि उस घर से वह कुछ खाने के लिए मांग सकें। लेकिन घर की मालकिन उन्हें देखकर घबरा गई और उसने पुलिस को बुला लिया। जांच में कश्मीरी युवक बेकसूर पाए गए तो पुलिस ने उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया और आगे से किसी भी घर का दरवाजा खटखटाने से मना कर दिया। पुलिस ने सभी युवकों के पहचान पत्र लिए और उनका पता नोट कर उन्हें जाने दिया।


