*👉🏻 मामला लैब टेक्नीशियन पर एसिड अटैक का* *👉🏻 रिश्तेदार ही निकला लड़की के चेहरे पर तेजाबी पाउडर मलने वाला* *👉🏻 लैब टेक्नीशियन युवती पर एसिड अटैक करने वाले तीन आरोपी काबू,एक फरार*
जालंधर,2 फरवरी 2019-(प्रदीप भल्ला)- बीते दिनों पीएपी चौक में जौहल अस्पताल की लैब टेक्नीशियन पर एसिड पाउडर मलने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने काबू किया है। जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर, डीसीपी इन्वेस्टिगेशन गुरमीत सिंह ने बताया कि बीते दिनों पीएपी चौक में जौहल अस्पताल में लैब टेक्नीशियन के तौर पर कार्यरत युवती पर बाइक सवार दो नकाबपोश युवकों ने एसिड अटैक किया था। जबकि इनके दो और साथी दूसरे बाइक पर इनके साथ थे। हमले में युवती के चेहरे और आंख को नुकसान हुआ था। एसिड अटैक के बाद पीड़ित युवती को जौहल अस्पताल में उपचार हेतु दाखिल करवाया गया था। जहां पर पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर युवती से मिलने के लिए गए थे और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का भरोसा दिलाया था। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने एडीसीपी-2 डी. सुडरविली की अगुवाई में अलग-अलग टीमें बनाई थी। थाना कैंट के प्रभारी सुखदेव सिंह ने जांच के बाद 3 आरोपियों को काबू कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जसविंदर सिंह पुत्र गुरनाम सिंह निवासी हिमाचल प्रदेश, गुरदीप सिंह पुत्र सुच्चा सिंह निवासी हिमाचल प्रदेश व मनी पुत्र सोनू निवासी लुधियाना के रूप में हुई है। आरोपियों का एक और साथी प्रीत भी उनके साथ था जो कि फरार है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि गुरदीप पीड़ित युवती का रिश्तेदार है और उसके साथ शादी करना चाहता था। लेकिन लड़की के परिजनों ने रिश्ते के लिए इंकार कर दिया था। इसी बात की रंजिश रखते हुए गुरदीप ने अपने साथी जसविंदर के साथ लड़की को सबक सिखाने का प्लान बनाया। जसविंदर ने अपने दो और साथियों को साथ लिया और लुधियाना में बैठ कर लड़की को सबक सिखाने के लिए प्लान बनाया और दो-तीन दिन तक रेकी की। रेकी करने के बाद चारों आरोपी 30 जनवरी को जालंधर पहुंचे और युवती पर केमिकल से हमला कर दिया। जिसके बाद सभी फरार हो गए। पुलिस ने गुरदीप और जसविंदर को उना से और मनी को लुधियाना से काबू किया है। जबकि उनके फरार साथी की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस ने आरोपियों पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
