*👉🏻 रेस्टोरेंट में सुरक्षाकर्मी का मर्डर, पढ़ें पूरी ख़बर… कैसे दिया वारदात को अंजाम* *👉🏻 रेस्टोरेंट प्रबंधकों पर भी हो सकती है कार्रवाई*
फगवाड़ा,2 फरवरी 2019-(प्रदीप भल्ला)- थाना फगवाड़ा के अंतर्गत पड़ते राधे राधे रेस्टोरेंट में बीती देर रात 3:00 बजे 5 अज्ञात लुटेरों ने रेस्टोरेंट के सुरक्षाकर्मी की 
गला घोंटकर हत्या कर ₹15000 की नकदी लूट ली। जानकारी देते हुए फगवाड़ा के एसपी मनदीप सिंह ने बताया कि उन्हें देर रात सूचना मिली फगवाड़ा हाईवे पर स्थित राधे राधे रेस्टोरेंट पर अज्ञात लुटेरों ने सुरक्षाकर्मी अवतार सिंह उर्फ तारी निवासी कुक्कड़ पिंड की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही वह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। जांच में पता चला कि रेस्टोरेंट में रात सुरक्षाकर्मी अवतार और एक संदीप नाम
का कर्मचारी था। रात 3:00 बजे 5 अज्ञात लुटेरे आए जिन्हें देख सुरक्षाकर्मी ने कर्मचारी संदीप को छिप जाने के लिए आवाज लगाई। लुटेरों ने आते ही सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट की और उसके हाथ-पांव बांधकर गला घोट कर उसकी हत्या कर दी। जिसके बाद लुटेरे रेस्टोरेंट में पड़ी अलमारी में से 15 हज़ार रुपये की नकदी लूट कर फरार हो गए। जांच दौरान पाया गया
कि रेस्टोरेंट में जितने भी सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे वह खराब है। पुलिस आसपास लगे हुए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। एसपी मनदीप सिंह ने कहा कि जल्द ही मामले को ट्रेस कर लिया जाएगा।
रेस्टोरेंट प्रबंधकों पर भी हो सकती है कार्रवाई—
एसपी मनदीप सिंह ने जांच टीम को आदेश दिए हैं कि अगर रेस्टोरेंट में लगे हुए कैमरो की डीवीआर खराब
पाई गई तो रेस्टोरेंट प्रबंधको पर भी मामला दर्ज किया जाए।
