*👉🏻 रुपये डबल करने का लालच देकर ठगने वाले गिरोह के पांच सदस्य काबू*

जालंधर,2 मार्च 2019-(प्रदीप भल्ला)- रुपए डबल करने का लालच देकर भोले भाले लोगों को ठगने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को सीआईए स्टाफ-2 देहाती ने काबू किया है। जिनके पास से पुलिस ने पांच लाख रुपये और एक सफेद रंग की टाटा जेस्ट कार बरामद की है। जानकारी देते हुए एसएसपी नवजोत सिंह माहल ने बताया कि एसपी इन्वेस्टिगेशन राजबीर सिंह संधू के दिशा-निर्देशों पर डीएसपी अमनदीप सिंह बराड़ और सीआईए स्टाफ-2 के प्रभारी इंस्पेक्टर शिव कुमार की अगुवाई में एसआई निर्मल सिंह ने पुलिस पार्टी सहित सतलुज पुल फिल्लौर नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान उन्होंने एक सफेद रंग की टाटा जेस्ट कार को रोका, जिसमें 5 लोग सवार थे। पूछताछ दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी भोले भाले लोगों को रुपए डबल करने का लालच देकर उनसे ठगी करते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच लाख रुपये की नकदी और टाटा जेस्ट कार बरामद की है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुखजीत सिंह उर्फ सुकखी पुत्र सुखविंदर सिंह निवासी इसेवाल थाना मुल्लापुर दाखा जिला लुधियाना, रणजीत सिंह उर्फ जीता पुत्र मोहन सिंह निवासी गांव मोही थाना सुधार जिला लुधियाना, निर्मल सिंह उर्फ निम्मा पुत्र राम सिंह निवासी कूम कलाँ जिला लुधियाना, जीवन सिंह पुत्र दर्शन सिंह निवासी भगवानपुरा जिला लुधियाना और सरबजीत सिंह पुत्र अमर सिंह निवासी रायकोट थाना रायकोट जिला लुधियाना के रूप में बताई है। पकड़े गए आरोपियों पर पहले भी एनडीपीएस और ठगी के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।

