बीमारी से जूझ रहे मुख्यमंत्री मनोहर परिकर का निधन
बीते लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर परिकर का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। इससे पहले उनकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही थी। 63 साल के पर्रिकर अग्नाशय की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे और यहां पास में डोना पौला में स्थित अपने निजी आवास में रह रहे थे।
शनिवार को हुई थी भाजपा कोर कमेटी की बैठक
गोवा में राजनीतिक संकट के बीच शनिवार को भाजपा विधायकों और पार्टी कोर कमेटी के सदस्यों ने आपस में मुलाकात की थी। इस मुलाकात में मुख्यमंत्री मनोहर परिकर के खराब स्वास्थ्य के कारण पैदा हुई राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा की गई थी।
इससे पहले पैनक्रिएटिक कैंसर से जूझ रहे परिकर का स्वास्थ्य शनिवार की सुबह बेहद खराब हो गया था, जिसके चलते इस तटीय राज्य की राजनीतिक गतिवधियों में गहमागहमी पैदा हो गई थी। हालांकि भाजपा नेतृत्व वाली गोवा सरकार में सहयोगी छह विधायकों ने गोवा फारवर्ड पार्टी के अध्यक्ष विजय देसाई के नेतृत्व में परिकर से मुलाकात करते हुए उन्हें समर्थन जारी रखने का आश्वासन दिया।
कांग्रेस ने गोवा में सरकार बनाने का पेश किया दावा कांग्रेस ने राज्यपाल मृदुला सिन्हा को चिट्ठी लिखकर गोवा में सरकार बनाने का दावा पेश किया है। पार्टी ने कहा कि फ्रांसिस डिसूजा के निधन के बाद से विधानसभा में भाजपा के 13 विधायक हैं। मनोहर परिकर के नेतृत्व वाली सरकार लोगों का विश्वास खो चुकी है। ऐसे में जो पार्टी अल्पमत में है, उसको सरकार में रहने का कोई हक नहीं है। हम चाहते हैं कि मौजूदा सरकार को बर्खास्त किया जाए और सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस को सरकार बनाने का मौका दिया जाए।
40 सदस्यीय गोवा विधानसभा में कांग्रेस सबसे बड़ा दल है। हाल में उसके दो विधायकों ने इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद उसकी संख्या घटकर 14 हो गई। वहीं, डिसूजा की मौत के बाद भाजपा के पास 13 विधायक हैं। भाजपा को महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) और गोवा फारवर्ड पार्टी के तीन-तीन विधायकों के अलावा निर्दलीय विधायकों का समर्थन हासिल है।


