*👉🏻 480 बोतल शराब बरामद, तस्कर कार और बाइक छोड़ भागे*

जालंधर,24 मार्च 2019-(प्रदीप भल्ला)- थाना भार्गव कैंप की पुलिस ने 480 बोतल शराब, एक कार और एक बाइक ज़ब्त की हैं। जबकि कार चालक और बाइक चालक तस्कर मौके से फरार हो गए। जानकारी देते हुए एडीसीपी-2 परमिंदर सिंह भंडाल ने बताया कि थाना भार्गव कैंप के प्रभारी सुखदेव सिंह के दिशा-निर्देशों पर एएसआई विजय कुमार पुलिस पार्टी सहित तिलक नगर रोड नाखां वाले बाग में गश्त पर थे। जैसे ही पुलिस पार्टी नाखां वाला बाग टी प्वाइंट पर पहुंची तो उदय नगर से एक बाइक पर सवार युवक जिसने बाइक की टंकी पर वजनदार बोरा रखा हुआ था। जिसके पीछे एक सफेद रंग की I20 कार भी आ रही थी। दोनों को पुलिस पार्टी ने रुकने का इशारा किया तो दोनों पुलिस पार्टी को देख अपना बाइक और कार छोड़ मौके से फरार हो गए। पुलिस पार्टी ने बाइक पर पड़ा हुआ प्लास्टिक का बोरा चेक किया तो उसमें से 24 बोतल अवैध शराब और कार में से 456 बोतल अवैध शराब की बरामद हुई। पुलिस ने दोनों वाहन और शराब ज़ब्त कर ली और आरोपियों पर मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

