*👉🏻 सांसद चौधरी संतोख सिंह का पुतला कूड़े में फेंक रोष जाहिर किया भाजपाइयों ने*
जालंधर,30 मार्च 2019-(प्रदीप भल्ला)- भाजपा के पूर्व जिला प्रधान रमेश शर्मा, अनिल सच्चर, रोबिन सांपला, प्रदीप खुल्लर, रॉक्सी उप्पल व अन्य भाजपाइयों ने सांसद चौधरी संतोख सिंह का पुतला कूड़े में फेंक रोष जाहिर किया। भाजपा की मिशन मोदी पीएम अगेन टीम ने एक चैनल द्वारा किए गए स्टिंग ऑपरेशन में फसे जालंधर से कांग्रेस के सांसद चौधरी संतोख सिंह के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। भाजपाइयों ने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त सांसद चौधरी संतोख सिंह पर कार्रवाई की जाए। क्योंकि स्टिंग ऑपरेशन द्वारा दिखाई गई वीडियो में साफ पता चलता है कि सांसद चौधरी संतोख सिंह कैसे चुनाव में जीतने के बाद लोगों के काम करवाने की खुलेआम
बात कर रहे हैं और साथ ही चुनावी फंड की भी मांग कर रहे हैं। सांसद के भ्रष्टाचार में लिप्त होने के सबूत सामने आने के कारण सरकार को चाहिए की सांसद की सदस्यता रद्द कर उन पर कार्रवाई की जाए। भाजपाइयों ने पहले चौधरी संतोख सिंह का पुतला फूंकने की तैयारी की थी। लेकिन उन्होंने बाद में सांसद के पुतले को कूड़े में फेंक अपना रोष जाहिर किया। इस प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे।

