*👉🏻 345 किलो चूरा पोस्त सहित तीन काबू*

जालंधर,31 मार्च 2019-(प्रदीप भल्ला)- थाना कैंट की पुलिस ने ट्रक में 345 किलो चूरा पोस्त लेकर आ रहे दो व्यक्तियों को काबू किया है। जिनसे पूछताछ के बाद मुख्य आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग कश्मीर से चूरा पोस्त लाकर पंजाब के अलग-अलग शहरों में सप्लाई करते हैं। इसी सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक ट्रक को रोका। जिसकी तलाशी लेने पर उसमें से 345 किलो चूरा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने ट्रक में सवार दो आरोपियों को काबू कर पूछताछ की तो उन्होंने अपना नाम जगतार सिंह पुत्र शीतल सिंह निवासी पिंड खोखरा थाना चमकोर जिला रोपड़ और बलजिंदर सिंह पुत्र लाल सिंह निवासी पिंड शेरपुर बस्ती थाना माछीवाड़ा जिला लुधियाना बताया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह हेम सिंह पुत्र बिक्कर सिंह निवासी पिंड शेरपुर बस्ती थाना माछीवाड़ा जिला लुधियाना के ट्रकों की ड्राइवरी करते हैं और उन्हें कश्मीर से एक चक्कर लगाने के ₹5000 मिलते हैं। आरोपियों ने बताया कि हेम सिंह के पास दो ट्रक हैं जिनमें वह सेब या अन्य खाद्य सामग्री के नीचे नशा छुपाकर लाता है और पंजाब के अलग-अलग शहरों में सप्लाई भी करता है। आज हेम सिंह के घर कोई प्रोग्राम होने के कारण वह कश्मीर नहीं जा पाया। इसीलिए जगतार और बलजिंदर कश्मीर से चूरा पोस्त लेकर आ रहे थे। पुलिस ने हेम सिंह को भी थाना माछीवाड़ा के इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।

