*👉🏻 इंस्पेक्टर बराड़ के जाने के बाद फिर शुरू हुआ शराब तस्करी का कारोबार*
जालंधर,1 अप्रैल 2019-(ज्ञान सिंह)-थाना डिवीजन नं 6 में अपनी सेवाएं दे चुके इंस्पेक्टर ओंकार सिंह बराड़ के जाने के बाद शराब तस्कर फिर से सक्रिय हो गए हैं। जानकारी के अनुसार आबादपुरा व उसके साथ लगते इलाके और भार्गव कैंप क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी का कारोबार फिर से शुरू हो गया है। जब तक इंस्पेक्टर ओंकार सिंह बराड़ थाना डिवीजन नंबर 6 में तैनात थे तो नशा तस्कर व शराब तस्कर उनके नाम से कांपते थे और शराब तस्करों ने अपना काम पूरी तरह से बंद कर दिया था। लेकिन उनके जाने के बाद ही शराब तस्करों ने अपना कारोबार फिर से शुरू कर दिया। आबादपुरा की ढाबे गली और उसके साथ लगती गलियों में फिर से शराब तस्करी का कारोबार शुरू हो गया है। शाम ढलते ही शराब तस्कर अपने ग्राहकों को शराब की सप्लाई देना शुरू कर देते हैं। यहां तक की उक्त गलियों में कुछ शराब तस्कर शाम होते ही अपने करिन्दों को सक्रिय कर देते हैं जो मांग के मुताबिक शराब की बोतलों की सप्लाई देते रहते हैं। अब देखना यह है कि चुनावी सीजन में पुलिस अवैध शराब तस्करी के कारोबार पर रोक लगा पाती है या यह शराब तस्कर खुलेआम सरकार को चूना लगाते रहेंगे।



