*👉🏻 विदेश भेजने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये ठगने वाला पुलिस मुलाज़िम काबू, 16 पासपोर्ट बरामद*

जालंधर,18 अप्रैल 2019-(प्रदीप भल्ला)- थाना डिवीजन नंबर तीन की पुलिस ने लोगों को विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी मारने वाले पीएपी में तैनात पुलिस मुलाजिम बिक्रमपाल सिंह पुत्र लेट धर्मपाल निवासी पिंड नंगल खुर्द थाना भोगपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 16 पासपोर्ट, स्विफ्ट कार, मोबाइल व 10 हज़ार रुपये की नकदी बरामद की। जानकारी देते हुए डीसीपी इन्वेस्टिगेशन गुरमीत सिंह ने बताया कि मनिंदर सैनी पुत्र गुरदेव सिंह निवासी बाजवा कॉलोनी पटियाला ने शिकायत दी थी कि आरोपी ने उसे विदेश भेजने के नाम पर
साढे चार लाख रुपए और प्रभजीत सिंह पुत्र लेट सेवा सिंह निवासी गुरु नानकपुरा चुगिट्टी ने शिकायत में बताया कि आरोपी ने उससे विदेश भेजने के नाम पर पासपोर्ट और साढे 14 लाख रुपए लिए थे, लेकिन आरोपी ने ना तो उसे विदेश भेजा और ना ही पासपोर्ट वापस किए हैं। शिकायत मिलने के बाद एडीसीपी-1 डी. सुडरविली की अगुवाई में पुलिस ने जांच की तो पता चला कि आरोपी स्पोर्ट्स कोटे में पुलिस विभाग में भर्ती हुआ है और पीएपी में तैनात है। आरोपी खुद को ट्रैवल एजेंट बताकर लोगों को विदेश भेजने के नाम पर ठग रहा है। पुलिस ने आरोपी पर मामला दर्ज कर उसे काबू किया तो आरोपी के पास से अलग अलग शहर के लोगों के 16 पासपोर्ट बरामद हुए। आरोपी ने पूछताछ दौरान कबूल किया कि वह खुद लोगों को विदेश भेजने का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी कर चुका है। पुलिस आरोपी से आगे पूछताछ कर रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी से और भी पासपोर्ट मिलने की संभावना है।
