*👉🏻 रिसोर्ट मालिक से रिश्वत लेने के आरोप में सहायक कमिश्नर सेल टैक्स व रिसोर्ट का सी.ए चढ़ा विजिलेंस के हत्थे*
जालंधर,19 अप्रैल 2019-(प्रदीप भल्ला)- विजिलेंस ब्यूरो ने होशियारपुर के व्हाइट हाउस रिसोर्ट के मालिक तारा सिंह पुत्र संतोख सिंह निवासी पिंड तलवंडी सलां थाना टांडा होशियारपुर से रिश्वत लेने वाले एईटीसी कम सहायक कमिश्नर सेल टैक्स (जीएसटी विंग) हरमीत सिंह और रिसोर्ट
के सीए रमण सोंधी को गिरफ्तार किया है। जानकारी देते हुए एसएसपी विजिलेंस दलजिंदर सिंह ढिल्लों ने बताया कि तारा सिंह ने उन्हें शिकायत दी थी कि 28 फरवरी को उनके रिजॉर्ट में सहायक कमिश्नर सेल टैक्स हरमीत सिंह ने अपनी टीम सहित छापेमारी की थी और रिजॉर्ट के सभी दस्तावेज जब्त कर लिए थे। हरमीत सिंह ने उन्हें अपने सीए सहित 1 मार्च को दफ्तर में बुलाया था। दफ्तर बुलाने के बाद हरमीत सिंह ने उन्हें डराया कि उनकी 11 महीने कि जीएसटी रिटर्न पेंडिंग है। जिसका भुगतान और पेनल्टी एक करोड़ रूपया बनती है। हरमीत सिंह की बातों से शिकायतकर्ता तारा सिंह डर गया और उन्हें कहने लगा कि उनका तो इतना काम भी नहीं है तो वह एक करोड़ रूपया नहीं दे सकता। जिस पर हरमीत सिंह ने उन्हें 50 लाख भरने की बात कही। 50 लाख पर भी बात नहीं बनी। जिसके बाद शिकायतकर्ता 20 लाख रुपया पेनल्टी भरने पर तैयार हो गया। हरमीत सिंह ने शिकायतकर्ता को कहा कि वह आठ लाख रुपया बैंक में सरकारी खाते में जमा करवा दें और बाकी ढाई लाख रुपया उसकी बनती सेवा पानी उसे दे दे। शिकायतकर्ता ने ढाई लाख रूपया हरमीत सिंह को सी ए के जरिए भिजवा दिया। जिसके बाद हरमीत सिंह ने 50 हजार रुपया और मांगा जो शिकायतकर्ता ने फिर से सीए के जरिए हरमीत सिंह को भिजवा दिया। कुछ दिनों बाद हरमीत सिंह ने 2 लाख की और मांग की। जिसके बाद शिकायतकर्ता ने रुपए ना देने की बात कही तो सहायक कमिश्नर ने उसे ज़ब्त किये दस्तावेज वापस ना देने और मोटी पेनल्टी डालने का डर दिखाया। सहायक कमिश्नर की रिश्वत की मांग से परेशान होकर तारा सिंह ने इसकी शिकायत विजिलेंस ब्यूरो में कर दी। जिसके बाद एसएसपी विजिलेंस के दिशा-निर्देशों पर डीएसपी विजिलेंस दलबीर सिंह ने अपनी टीम सहित पूरी प्लानिंग कर सहायक कमिश्नर को दो लाख रुपया देने के लिए शिकायतकर्ता को राजी किया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने 2 लाख की रिश्वत हरमीत सिंह को सीए के सामने दी तो विजिलेंस टीम ने सहायक कमिश्नर हरमीत सिंह और सीए रमण सोंधी को रिश्वत के रुपयों सहित गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस ने दोनों पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
