डोंगरी में इमारत गिरने से 2 लोगों की मौत, 40 से ज्यादा फंसे होने की आशंका
मुंबई के डोंगरी इलाके में एक चार मंजिला इमारत अचानक गिर गई. इमारत में इस दौरान कई लोग भी मौजूद थे. बताया जा रहा है कि फिलहाल मलबे में 40 से 50 लोग दबे हो सकते हैं. मौके के लिए राहत बचाव की टीमें निकल चुकी हैं. इस इमारत का आधा हिस्सा गिरने की खबर है.
सीएम फडणवीस बोले, हादसे की होगी जांच
महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई के डोंगरी में हुए हादसे के बारे में जानकारी दी.
उन्होंने कहा कि मुझे बताया गया है कि लगभग 15 परिवार अभी मलबे में दबे हैं. यह बिल्डिंग करीब 100 साल पुरानी थी. अभी फिलहाल लोगों को निकालने पर ध्यान दिया जा रहा है. हादसे की जांच की जाएगी.
बीएमसी ने खोला शेल्टर
बीएमसी ने डोंगरी में इमारत गिरने के बाद इमामवाड़ा म्युनिसिपल सेकेंडरी गर्ल्स स्कूल में एक शेल्टर खोला है. इसकी जानकारी बीएमसी के पीआरओ ने दी.
इमारत गिरने से दो लोगों की मौत
मुंबई में इमारत गिरने से अभी तक 2 लोगों की मौत हो चुकी है. बीएमसी की डिजास्टर मैनजमेंट सेल ने ये जानकारी दी. अभी तक कुल पांच लोगों को मलबे से निकाला गया है.
मलबे से निकाला गया नवजात
मुंबई के डोंगरी इलाके में गिरी चार मंजिला इमारत के मलबे से एक छोटे नवजात बच्चे को निकाला गया है. मौके पर मौजूद राहत टीम ने बच्चे को सकुशल मलबे से निकाल दिया है. फिलहाल बाकी लोगों को निकालने के लिए राहत कार्य जारी है.
मलबा हटाने का काम शुरू
मुंबई के डोंगरी इलाके में बिल्डिंग गिरने के बाद मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया गया है. बिल्डिंग गिरने की खबर मिलते ही मौके पर पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें पहुंच चुकी हैं.
मौके पर पहुंच रही राहत बचाव टीमें
डोंगरी इलाके में हुई इस घटना की खबर मिलते ही पूरे शहर से राहत बचाव टीमें मौके के लिए रवाना हो चुकी हैं. फिलहाल स्थानीय लोग मलबे में दबे लोगों को निकालने का काम कर रहे हैं.





