*👉🏻 भगौड़ा तस्कर काबू, 54 किलो चूरा पोस्त, 9 लाख रुपये ड्रग मनी व इनोवा कार बरामद *👉🏻 इस खबर संबंधी पूरी जानकारी हासिल करने के लिए नीचे दिए गए हैडलाइन एक्सप्रेस के लिंक को क्लिक करें 👇🏻*
जालंधर,23 नवंबर 2019-(प्रदीप भल्ला)- देहात पुलिस को उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी जब सीआईए स्टाफ देहाती ने एक भगौड़े तस्कर को 54 किलो चूरा-पोस्त, 9 लाख रुपये ड्रग मनी और एक इनोवा कार सहित काबू कर लिया। जानकारी देते हुए एसएसपी नवजोत सिंह माहल ने बताया कि एसपी इन्वेस्टिगेशन सरबजीत सिंह के दिशा निर्देशों पर सीआईए स्टाफ देहाती के इंचार्ज शिवकुमार की अगवाई में एएसआई मंगल सिंह पुलिस पार्टी सहित रेलवे स्टेशन करतारपुर मौजूद थे। तभी उन्हें सूचना मिली की भगौड़ा तस्कर गुरदित सिंह उर्फ गीटा पुत्र गुरदीप सिंह निवासी सेचा थाना सुल्तानपुर लोधी जिला कपूरथला अपनी काले रंग की इनोवा गाड़ी में चूरा-पोस्त लेकर करतारपुर की तरफ आ रहा है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस पार्टी ने नाकेबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी।
तभी कपूरथला रोड रेलवे फाटक की तरफ से एक काले रंग की इनोवा आती दिखाई दी जिसे पुलिस पार्टी ने शक के आधार पर रोका और चालक का नाम पूछा। कार चालक ने अपना नाम गुरदित सिंह उर्फ गीटा बताया। पुलिस पार्टी ने तुरंत ही चालक को काबू कर गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें से 54 किलो चूरा-पोस्त और 9 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी पर मामला दर्ज कर पूछताछ की तो पता चला कि आरोपी पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं जिनमें से दो मामलों में आरोपी भगौड़ा हो चुका है। आरोपी ने नशा तस्करी के लिए ट्रक भी खरीदे हुए हैं। जिनमें वह चूरा-पोस्त की तस्करी करता है। पुलिस आरोपी से आगे पूछताछ कर रही है।
