लेबर के वापस जाने से पंजाब इंडस्ट्री के डूबने का खतरा-अनिल सच्चर
पढ़ें पूरी खबर सिर्फ हैडलाइन एक्सप्रेस पर👇🏻

जालंधर, 5 मई 2020-(प्रदीप भल्ला)- भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश सचिव अनिल सच्चर ने कहा कि एक तो लॉकडाउन के कारण पंजाब की इंडस्ट्री की हालत पहले ही बहुत खराब हो चुकी है। ऊपर से सरकार द्वारा प्रवासी मजदूरों को वापस उनके गृह नगरों में भेजने का फैसला कहीं इंडस्ट्री की कब्र में आखिरी कील ना साबित हो। उन्होंने कहा कि पहले तो सरकार ने कह दिया है कि इंडस्ट्रीज लॉकडाउन में सभी मजदूरों को तनख्वाह देंगी। जैसे-तैसे कर इंडस्ट्री मालिकों ने लॉकडाउन के दौरान अपनी लेबर को तनख्वाह दी और अब जब इंडस्ट्री खुलने का समय आ रहा है तो पंजाब सरकार ने प्रवासी मजदूरों को वापस भेजने का फरमान जारी कर दिया है। अनिल सच्चर ने कहा यदि लेबर वापस चली गई तो इंडस्ट्री का क्या होगा। पंजाब सरकार के इस फैसले से पंजाब की इंडस्ट्री के डूबने का बड़ा खतरा पैदा हो गया है, या तो सरकार लॉकडाउन शुरू होते ही लेबर को वापसी भेजने का प्रबंध करती ताकि इंडस्ट्रीज को लॉकडाउन के दौरान लेबर को तनख्वाह ना देनी पड़ती। अब जब इंडस्ट्री खुलने का समय नजदीक आ गया है तो लेबर को वापस भेजने का कोई कारण नहीं बनता। इसलिए पंजाब सरकार को चाहिए कि इस विषय पर गंभीरता से सोचें और पंजाब की इंडस्ट्री को डूबने से बचाएं।