*👉🏻 स्टोव फटने से लगी आग, चपेट में आया चुनरी रंगने वाला,हालत गम्भीर* *👉🏻 पढ़ें पूरी खबर सिर्फ हैडलाइन एक्सप्रेस पर 👇🏻*
जालंधर,17 अक्टूबर 2020-(प्रदीप भल्ला)-थाना डिवीजन नंबर एक के अंतर्गत पड़ते सोढल चौक में स्टोव फटने के कारण एक व्यक्ति झुलस गया जिसे गंभीर हालत में उपचार के लिए सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। जानकारी के अनुसार सोढल चौक में बृजेश नामक एक व्यक्ति दुपट्टे रंगने का काम करता है जो कि सोढल चौक में स्थित दुकानों के बाहर ही स्टोव जलाकर दुपट्टे रंगता है।
आज सुबह जब वह दुपट्टे रंगने के लिए स्टोव जलाने लगा तो अचानक स्टोव फट गया और बृजेश के कपड़ों में और साथ ही पड़ी हुई चुनरियों में आग लग गई। धमाके की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के दुकानदार बाहर निकले और उन्होंने देखा कि बृजेश के कपड़ों और चुनरियों में आग लगी हुई है। दुकानदारों ने बोरियों से बृजेश के कपड़ों में लगी हुई आग को बुझाना शुरू कर दिया
और कुछ दुकानदारों ने पानी लाकर बृजेश पर डाला और आग पर काबू पाया। जिसके बाद लोगों ने 108 एंबुलेंस को सूचित किया। 40 मिनट तक जब 108 एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची तो लोगों ने निजी वाहन में ही बृजेश को उपचार के लिए सिविल अस्पताल दाखिल करवा दिया। वहीं सूचना मिलने पर पीसीआर रोमियो 49 के एएसआई लखबीर सिंह और हेड कांस्टेबल जतिंदर सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। खबर लिखे जाने तक दुपट्टे रंगने वाले बृजेश की हालत गंभीर बनी हुई थी।

