*👉🏻 तीन दिनों से अलग-अलग शहरों के थानों के चक्कर लगा रहा है पीड़ित ओला कैब ड्राइवर* *👉🏻 परेशान होकर मुख्यमंत्री पंजाब को भेजी शिकायत, पढ़ें पूरी खबर सिर्फ हैडलाइन एक्सप्रेस पर 👇🏻*




जालंधर, 16 नवंबर 2020-(प्रदीप भल्ला)- लूट का शिकार हुए ओला कैब ड्राइवर ने मुख्यमंत्री पंजाब से लगाई इंसाफ के लिए गुहार। मुख्यमंत्री पंजाब कैप्टन अमरिंदर सिंह को भेजे गए शिकायत पत्र में पीड़ित ओला कैब ड्राइवर सुनील कुमार पुत्र तरसेम लाल निवासी गुरु नानक वेस्ट ने लिखा है कि तीन दिन पहले उनके मोबाइल फोन पर ओला कैब कंपनी से सवारी ले जाने का मैसेज आया था।
जिसके बाद सुनील कुमार ने रामा मंडी क्षेत्र से दो युवकों को अपनी होंडा इमेज टैक्सी में बिठाया और रईया की तरफ रवाना हो गया। जैसे ही वह रईया के पास पहुंचा तो उक्त युवकों में से एक युवक ने गाड़ी रोकने के लिए कहा। जैसे ही उसने अपनी गाड़ी रोकी तो उसके साथ वाली सीट पर बैठे युवक ने पिस्तौल निकालकर उसे कार की पिछली सीट पर जाने के लिए कहा। तभी एक और कार सुनील की टैक्सी के पीछे आकर रुकी और उसमें से एक युवक उतर कर उसकी कार में बैठ गया। लुटेरों ने सुनील के हाथ-पांव बांध दिए और आंखों पर पट्टी बांध दी। लुटेरों ने सुनील को धमकाते हुए कहा कि अगर उसने शोर मचाया तो वह उसे गोली मार देंगे। जिसके बाद लुटेरों ने सुनील का मोबाइल, एटीएम कार्ड, क्रेडिट कार्ड आदि ले लिए और गन प्वाइंट पर लेकर एटीएम कार्ड व क्रेडिट कार्ड के पासवर्ड पूछे। जिसके बाद लुटेरे उसे गोइंदवाल फैक्ट्रियों के पास फेंककर चले गए। सुनील कुमार ने किसी तरह अपने हाथ पैर खोले और फैक्ट्रियों के पास मौजूद एक सरदार जी से मदद मांगी। सरदार जी ने सुनील को पानी पिलाया और उसके बाद उसे गोइंदवाल थाने ले गए जहां पर सुनील कुमार ने पुलिस को शिकायत लिख कर दी। सुनील कुमार के मुताबिक लुटेरों ने उसके एटीएम के द्वारा ₹3500 भी निकलवाए हैं। तीन दिन बीत जाने के बाद भी ना तो गोइंदवाल पुलिस और ना ही रईया पुलिस ने उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई की है। सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस द्वारा उन्हें इधर से उधर और उधर से इधर ही भेजा जा रहा है। इसलिए हताश होकर सुनील कुमार ने मुख्यमंत्री पंजाब, डीजीपी पंजाब, पुलिस कमिश्नर जालंधर के नाम पर एक शिकायत दी है। जिसमें उसने मांग की है कि उसकी लूटी हुई कार व अन्य सामान बरामद करवाया जाए और लुटेरों को जल्द से जल्द पकड़ कर सलाखों के पीछे भेजा जाए।