*👉🏻 एनकेएन म्यूजिक कंपनी के मालिक भाइयों व करण थापर पर लगा विदेश भेजने के नाम पर ठगने का आरोप* *👉🏻 पीड़ित लोगों ने पत्रकारवार्ता कर बताई ठगी की कहानी, पढ़ें पूरी खबर सिर्फ हैडलाइन एक्सप्रेस पर*



जालंधर, 26 नवंबर 2020-(प्रदीप भल्ला)- शहर में अवैध ट्रैवल एजेंटी का काम करने वालों पर नकेल कसने में पंजाब पुलिस फेल साबित हो रही है, क्योंकि कई ऐसे केस सामने आए हैं जिनमें लोग इन ट्रैवल एजेंट के शिकार बनकर अपनी जमा पूंजी और पासपोर्ट तक गंवा चुके हैं। ऐसा ही एक मामला आज सामने आया है जिसमें कुछ लोगों ने शहर के एक ट्रैवल एजेंट पर लाखों रुपए की ठगी मारने और पासपोर्ट वापिस ना करने का आरोप लगाया है।
पत्रकार वार्ता कर आबादपुरा निवासी सतीश कुमार उर्फ धीशा पुत्र परमजीत ने बताया कि उनका मामा का लड़का रिपन विदेश जाना चाहता था। इसीलिए मामा ने सतीश से बात की और कहा कि अगर कोई ट्रैवल एजेंट उनके बेटे को विदेश भेज सकता है तो उससे बात की जाए। सतीश कुमार धीशा ने अपने जानकार करण थापर निवासी ईश्वर कॉलोनी से बात की। करण थापर ने धीशा को कहा कि उनके जानकार हैं जो लोगों को विदेश भेजते हैं।
उसके बाद करण थापर ने धीशा और उनके रिश्तेदारों को एनकेएन म्यूजिक कंपनी के मालिक रमेश कुमार नाहर और उसके भाई राजदीप निवासी किंग कॉलोनी मिट्ठापुर से मिलवाया।रमेश और राजदीप ने इन लोगों को झांसे में ले लिया और कहा कि वह आपके लड़के रिपन को कनाडा भेज देंगे। राजदीप इन लोगों के घर आकर पासपोर्ट और रुपए ले गया। थोड़े-थोड़े समय बाद रमेश और करण थापर पीड़ित लोगों से रुपए लेते रहे। पीड़ित पक्ष ने बताया कि वह अब तक 11 लाख रुपए और पासपोर्ट इन लोगों को दे चुके हैं। 1 साल बीत जाने पर भी इन लोगों ने ना तो लड़के को बाहर भेजा और ना ही अब रुपए व पासपोर्ट वापस कर रहे हैं। सतीश कुमार ने कहा कि वह पुलिस में भी शिकायत दे चुके हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं सुरिंदर कुमार बतरा पुत्र राम लुभाया निवासी कोट मोहल्ला बस्ती शेख ने बताया कि उन्होंने भी इन ट्रेवल एजेंटों को अपने साले के लड़के राहुल और दोस्त के बेटे शिवम को बाहर भेजने के लिए पासपोर्ट और 19 लाख रुपया दिया था, लेकिन इन लोगों ने जाली वीजा और टिकट तैयार कर पीड़ित पक्ष को दे दी। जिस कारण ना तो इनके लड़के विदेश जा सके और ना ही अब इनके पास पासपोर्ट है। जब उक्त लोगों से अपने रुपए व पासपोर्ट वापस मांगे तो यह धमकियां देनी शुरू कर देते हैं। इन लोगों के खिलाफ थाना दो में शिकायत भी दी जा चुकी है लेकिन पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। पीड़ित लोगों द्वारा पुलिस कमिश्नर से मांग की है कि इन्हें इंसाफ दिलाया जाए और ठग ट्रेवल एजेंटों के पास से इनकी जमा पूंजी और पासपोर्ट वापस दिलवाए जाएं।
जब इस बारे में रमेश नाहर से बात की गई तो उन्होंने कहा कि यह मुझ पर झूठे इल्जाम लगा रहे हैं। मेरा इन से कोई लेना देना नहीं है और मेरा इनके साथ कोर्ट में केस भी चल रहा है।