जिसे लोगों ने भिखारी समझकर शोरूम से भगाने लगे थे, उसी ने खरीद डाली लाखों रुपए की बाइक
कहते हैं न कि किसी की औकात उसके कपड़ों से आंकना सही नहीं है। हाल ही इसका सबूत भी मिला। थाईलैंड में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें एक शख्स के पहनावे को देखकर उसे गरीब भिखारी समझ लिया गया, लेकिन जब उसने जेब से लाखों रुपए कैश निकाले तो सब देखते रह गए।
सोशल मीडिया पर इन दिनों इस शख्स की कहानी तेजी से वायरल हो रही है। इस बारे में ज्यादा जानकारी तो नहीं मिल सकी है, लेकिन बताया जा रहा है कि एक दिन यह शख्स थाइलैंड के सिंग बुरी क्षेत्र में स्थित मैक्सिंगबुरीबाइक नाम के शोरूम में फटे कपड़ों में पहुंचा। हर किसी को लगा कि यह कोई भिखारी है या मजदूर है।
जैसे ही उसने एक शख्स से शोरूम के मालिक के बारे में पूछा और हार्ले डेविडसन गाड़ी खरीदने के बात कही तो सब हंसने लगे और उनका मजाक उड़ाने लगे। कुछ देर तक सेल्स मैन उसे इग्नोर करते रहे। इसके बाद उस शख्स ने चिल्लाते हुए शोरूम ओनर को बुलाया और सारी बातें बताई। इस दौरान वहां मौजूद सभी की निगाहें दोनों पर टिकी थी।
करीब 10 मिनट के बाद शोरूम के मालिक ने उन्हें हार्ले डेविसन दिखाई और उसकी कीमत करीब 12 लाख रुपए बताया। गाड़ी का मुआयना करने के बाद शख्स ने तुरंत सबके सामने 12 लाख रुपए कैश निकाल कर रख दिए। वहां मौजूद सभी लोग एकटक निगाह से उस शख्स की ओर देखने लगे। सबको यही लग रहा था क्या सचमुच इस शख्स के पास इतने पैसे हैं।
इसी दौरान कुछ लोगों ने उसकी तस्वीर क्लिक करनी शुरू कर दी और बाद में उसकी फोटोज सोशल साइट्स फेसबुक पर अपलोड कर दिया। देखते ही देखते इस शख्स की कहानी वायरल हो गई। एक वेबसाइट के मुताबिक, शख्स की तस्वीर वायरल होने के बाद उसकी बहन ने इस शख्स के पहचान के बारे में जानकारी दी।
