जालंधर रेंज के IG का फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर फैमिली फोटो डाली, दोस्तों से मांगे रुपए
सोशल मीडिया के ठग इस कदर बेखौफ हो गए हैं कि उन्होंने जालंधर रेंज के IG कौस्तुभ शर्मा का फर्जी फेसबुक अकाउंट बना लिया।

जिसमें उनकी फैमिली फोटो तक डाल दी। इसके बाद उनकी फ्रेंडलिस्ट से दोस्तों को इस अकाउंट में एड कर रुपए मांगने शुरू कर दिए। यह जानकारी IG कौस्तुभ शर्मा तक पहुंची तो उन्होंने खुद ही इसके बारे में अपने ओरिजनल अकाउंट से जानकारी शेयर की। हैरत की बात है कि उनके अकाउंट में IG होने और वर्दी में फोटो भी है, इसके बावजूद ठग हरकतों से बाज नहीं आ रहे।

CM के प्रिंसिपल सेक्रेटरी से लेकर DC तक की बना चुके यह पहला मामला नहीं है, जब पंजाब के किसी बड़े अफसर के नाम का फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर रुपए मांगे जा रहे हों। इससे पहले CM कैप्टन अमरिंदर सिंह के चीफ प्रिंसिपल सेक्रेटरी सुरेश कुमार और बठिंडा के DC बी. श्रीनिवासन के नाम की भी फेक ID बनाई जा चुकी है। जब भी इसकी जांच होती है तो गिरोह झारखंड, मध्य प्रदेश, बंगाल आदि राज्यों का निकलता है। जो फर्जी अकाउंट बनाने के बाद मैसेंजर के जरिए कभी बीमारी तो कभी कोई दूसरी जरूरत बताकर रुपए मांगते हैं।


