*👉🏻 पुलिस ने नाकाबंदी दौरान 21 लाख रुपये की करंसी पकड़ी*
जालंधर,1 मई 2019-(प्रदीप भल्ला)-थाना फिल्लौर की पुलिस ने नाकाबंदी दौरान बस में 21 लाख रुपए की नकदी ले जा रहे एक व्यक्ति को पकड़ा है। जिसके पास से इतनी बड़ी रकम ले जाने के कोई दस्तावेज मौजूद नहीं थे। जानकारी देते हुए एसएसपी नवजोत सिंह माहल ने बताया की डीएसपी फिल्लौर दविंदर कुमार के दिशा-निर्देशों पर थाना फिल्लौर के प्रभारी इंस्पेक्टर प्रेम सिंह पुलिस पार्टी सहित सतलुज पुल पर मौजूद थे
और नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी पुलिस पार्टी ने एक बस में चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को देखा जो बस में सिर झुका कर बैठा हुआ था और जिस के पैरों में एक बैग पड़ा हुआ था। बैग की तलाशी लेने पर पुलिस को उसमें से ₹2000 के 333 नोट, ₹500 के ₹2754 नोट, ₹200 के 185 नोट और ₹100 के 205 नोट कुल 21 लाख रुपए की नकदी बरामद हुई।
पुलिस पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम महिंद्र सिंह पुत्र जागीर सिंह निवासी मोती बाग कॉलोनी पक्खोवाल रोड थाना सदर लुधियाना बताया। इतनी ज्यादा नकदी के बारे में उक्त व्यक्ति कोई भी संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाया और ना ही कोई दस्तावेज दिखा पाया। पुलिस ने उक्त राशि को ज़ब्त कर आला अधिकारियों को सूचना दे दी है।
