*👉🏻 मुख्यमंत्री पंजाब के बिजली कट ना लगने के दावे हुए हवा* *👉🏻 जालंधर में रोजाना लग रहे तीन से चार घंटे के बिजली कट, पढ़ें पूरी खबर सिर्फ हैडलाइन एक्सप्रेस 👇🏻*
जालंधर, 08 जुलाई 2021-(प्रदीप भल्ला)-पिछले सप्ताह जब बिजली के कट लगने शुरू हुए थे तो मुख्यमंत्री पंजाब कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बयान जारी कर कहा था कि पंजाब में बिजली के कट नहीं लगेंगे। बिजली संकट को रोकने के लिए सरकारी दफ्तरों के समय में भी तब्दीली कर दी गई थी और इंडस्ट्री को भी पाबंदी के अंदर रखा गया था। मगर मुख्यमंत्री के यह बयान हवा-हवाई होते दिखाई दे रहे हैं, क्योंकि जिला जालंधर में रोजाना ही सुबह से लेकर रात तक कम से कम 3 से 4 घंटे के बिजली कट लग रहे हैं। भीषण गर्मी का प्रकोप झेलने और बिजली कट से दुखी हो चुके लोग सड़कों पर उतरने लगे हैं। शहर के कई क्षेत्रों में जब रात को बिजली के कट लगते हैं तो लोग सड़कों पर आ जाते हैं और बिजली विभाग व पंजाब सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन शुरू कर देते हैं। अगर इसी तरह बिजली के कट लगते रहे तो लोगों का गुस्सा और बढ़ जाएगा जिसे रोकना प्रशासन के लिए मुश्किल हो जाएगा। 
–सरकार के झूठे दावों से परेशान हो गई जनता– जब पंजाब सरकार के कामों और दावों के बारे में आम जनता की राय ली गई तो शीतल नगर के रहने वाले लक्की, भार्गव नगर के मनीष, वडाला चौक के रजिंदर, लम्मा पिंड के ज्ञान, मॉडल टाउन के सुमित, देओल नगर के दीपक और मॉडल हाउस के सुरेंदर ने कहा कि पंजाब सरकार ने लोगों को सिर्फ सपने ही दिखाए हैं। अब जब सरकार का कार्यकाल खत्म होने जा रहा है तब भी सरकार सिर्फ झूठे दावे ही कर रही है जिसका प्रमाण सामने दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री पंजाब कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा था कि बिजली के कट नहीं लगेंगे लेकिन फिर भी जालंधर में रोजाना 3 से 4 घंटे के कट लग रहे हैं। जिससे लोगों का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है। इसी कारण आम जनता का सरकार के ऊपर से विश्वास उठ गया है। अगर इसी तरह चलता रहा तो सरकार को आने वाले चुनावों में इसका नुकसान उठाना पड़ सकता है।
