आज शाम जारी होगा एग्जिट पोल का रिज़ल्ट, जानिए कहां देख सकेंगे
यूपी, पंजाब समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजो का दिन करीब आ रहा है। सभी पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों के लिए मतगणना 10 मार्च 2022, गुरुवार को होगी।
इससे पहले आज उत्तर प्रदेश में आखिरी चरण की वोटिंग हो रही है। आज शाम को ही एग्जिट पोल 2022 सामने आ जाएंगे। देश की विभिन्न एजेंसियों द्वारा किए जाने वाले इन Exit Poll के परिणामों से यह अंदाजा लगेगा कि कहां किसकी सरकार बनने जा रही है। हालांकि कई बार Exit Poll Result पूरी तरह फेल भी हुए हैं। उत्तर प्रदेश में अंतिम चरण का मतदान होते ही पांच राज्यों के लिए मतदान संपन्न हो जाएगा। इसके साथ ही भारत निर्वाचन आयोग द्वारा एग्जिट पोल प्रकाशित करने पर लगा प्रतिबंध भी हटा लिया जाएगा और मीडिया संगठन विधानसभा चुनाव परिणाम की भविष्यवाणी दिखाने के लिए स्वतंत्र होंगे।
कब और कहाँ देखें Exit Poll Results 2022
मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। इसके बाद ही एजेंसियां अपने-अपने एग्जिट पोल का परिणाम जारी कर सकेंगी। माना जा रहा है कि शाम 7 बजे से इनका प्रसारण विभिन्न समाचार चैनलों पर शुरू हो जाएगा। YouTube पर समाचार चैनलों की लाइव स्ट्रीमिंग देखी जा सकती है। एबीपी नेटवर्क, टाइम्स अब, इंडिया टुडे, आज तक, ज़ी न्यूज, टीवी 9 भारत और अन्य चैनल प्रमुख हैं जो भारत में एग्जिट पोल जारी करते हैं।
यूपी-पंजाब के Exit Poll Result पर होगी देश की खास नजर
यूं तो उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर के Exit Poll Result पर भी फोकस रहेगा, लेकिन यूपी और पंजाब की चुनावी जंग रोचक रही है। यही कारण है कि इन राज्यों के Exit Poll Result पर देशभर में चर्चा होगी। यूपी में जहां भाजपा सत्ता में बने रहने का दावा कर रही है तो विपक्ष की ओर से अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा ने पूरा जोर लगाया है। यह भी देखना होगा कि मैदान में अपेक्षाकृत कमजोर नजर आ रही बसपा और कांग्रेस, कहां तक अपना असर दिखा पाएंगी।
इसी तरह पंजाब का सियासी गणित भी दिलचल्प है। एक तरफ सत्तारुढ़ कांग्रेस है, जिसको चुनाव से ऐन पहले भारी अंतरकलेश का सामना करना पड़ा। दूसरी तरफ शिरोमणि अकाली दल, आम आदमी पार्टी और भाजपा हैं। चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को बड़ा दावेदार माना जा रहा था, लेकिन वोट से ठीक पहले कुमार विश्वास ने अरविंद केजरीवाल पर खालिस्तान समर्थकों से मदद लेने का आरोप लगाकर APP की उम्मीदों को करारा झटका दिया।