CM मान का पंजाब की जनता को तोहफा,इस महीने से आएगा बिजली का बिल ZERO

पंजाब निवासियों को बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज ऐलान किया कि राज्य सरकार द्वारा लोगों को हर एक बिल पर 600 यूनिट मुफ्त बिजली मुहैया करवाने के फैसले से लगभग सितम्बर महीने से राज्य के 51 लाख घरों का बिजली बिल जीरो आएगा.
इस संबंध में जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों से की गई बड़ी गारंटी के वादे को पूरा करते हुए पंजाब सरकार ने एक जुलाई, 2022 से राज्य के हर घर को बिजली बिल पर 600 यूनिट मुफ़्त बिजली मुहैया करवाने का फ़ैसला किया था. इसके तहत राज्य के सभी घरेलू उपभोक्ताओं की बिजली का उपभोग अगर हर एक बिल पर 600 यूनिट तक है तो वह ज़ीरो बिल प्राप्त करने के योग्य होंगे.
भगवंत मान ने आगे कहा कि यह फ़ैसला एक जुलाई से लागू कर दिया गया है, इसलिए जुलाई और अगस्त के बिल में 600 यूनिट से कम बिजली उपभोग करने वाले परिवारों को बिजली उपभोग करने के एवज़ में एक पैसा भी नहीं देना पड़ेगा. इन उपभोक्ताओं द्वारा सितम्बर महीने में अदा किए जाने वाले बिल की रकम जीरो होगी. उन्होंने कहा कि इस लोक हितैषी पहल से राज्य भर के लगभग 51 लाख परिवारों को लाभ पहुंचेगा क्योंकि उनको अपनी बिजली का प्रयोग करने के लिए कोई रकम अदा नहीं करनी पड़ेगी. भगवंत मान ने कहा कि यह कदम घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत है, जिनको अब तक हर महीने बिजली दरों के रूप में काफ़ी पैसा ख़र्च करना पड़ता है.
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘हम जो वादा करते हैं, उस वादे को पूरा भी करते हैं. हमारी सरकार पंजाब के लोगों के साथ किए गए हर वादे को पूरा करने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है.’ उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पंजाब को देश का अग्रणी राज्य बनाकर इसकी पुरातन शान को बहाल करने के लिए बहुत अधिक प्रयास कर रही है. भगवंत मान ने दोहराया कि राज्य की तरक्की और यहां के लोगों की खुशहाली के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी.

