*👉🏻 आम आदमी पार्टी के विधायकों द्वारा शहर की खराब की जा रही कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा ने की प्रेस वार्ता* *👉🏻 आप विधायक रमन अरोड़ा को अधिकारियों से बात करने का नहीं है शिष्टाचार: मनोरंजन कालिया, पढ़ें पूरी खबर सिर्फ़ हैडलाइन एक्सप्रेस पर 👇🏻*
जालंधर, 23 सितंबर 2022-(प्रदीप भल्ला)-आज भारतीय जनता पार्टी जिला जालंधर के अध्यक्ष सुशील शर्मा की अध्यक्षता में स्थानीय पार्टी कार्यालय सर्कुलर रोड नजदीक शीतला माता मंदिर में आम आदमी पार्टी के जालंधर शहर के विधायकों द्वारा शहर की खराब की जा रही कानून व्यवस्था को लेकर एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।
जिसमें मुख्य रुप से पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया,जालंधर के पूर्व मेयर एवं भाजपा पंजाब प्रदेश के उपाध्यक्ष राकेश राठौर, पूर्व संसदीय सचिव कृष्णदेव भंडारी,प्रदेश प्रवक्ता महेंद्र भगत, सरबजीत सिंह मक्कड़, पूर्व जिलाध्यक्ष रमन पब्बी, जिला महामंत्री भगवंत प्रभाकर, जिला उपाध्यक्ष दविंदर कालिया, जिला मीडिया इंचार्ज अमित भाटिया, बृजेश शर्मा, मंडल नंबर 10 के अध्यक्ष दविंदर भारद्वाज उपस्थित हुए। इस मौके पर संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया ने कहा कि विधायक रमन अरोड़ा और डीसीपी नरेश डोगरा के बीच समझौता स. गुरशरण सिंह संधू पुलिस कमिश्नर, जालंधर द्वारा कराये जाने के साथ जाहिर तौर पर खत्म हो गया लेकिन यह कई सवाल उठाता है। वायरल वीडियो आम आदमी पार्टी के विधायक रमन अरोड़ा को बेनकाब करती हैं कि वह अधिकारियों से कैसे बात करें ये शिष्टाचार उनके पास नहीं है। सार्वजनिक मामले को हल करते हुए रमन अरोड़ा ने व्यक्तिगत मामला बनाया है और पुलिस अधिकारी से अभद्र और गंदी भाषा का इस्तेमाल किया है और बाद में स्थानीय अखबार के परिसर में पुलिस अधिकारी के साथ हाथापाई हुई।
गौरतलब है कि चुनाव से पहले भी रमन अरोड़ा ने महिलाओं के खिलाफ भी अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया था। मनोरंजन कालिया ने बताया कि 21-22 सितंबर की दरमियानी रात को हुई घटना के तुरंत बाद वेस्ट क्षेत्र से आप विधायक शीतल अंगुराल के भाई राजन अंगुराल, विधायक रमन अरोड़ा के समर्थन में आए और सिविल अस्पताल जालंधर में इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ. हरवीन कौर को अपनी मर्जी और पसंद के मुताबिक MLR दर्ज कराने के लिए प्रभावित करने के प्रयास में उनके साथ बदसलूकी की। जब डॉ. हरवीन कौर ने उनके निर्देशों का पालन करने से इनकार कर दिया और स्पष्ट रूप से कहा कि वह नियम के अनुसार काम करेगी तो राजन अंगुराल के साथ आये लोगों ने गुंडागर्दी की, दरवाजे का शीशा तोड़ दिया और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। इस समबन्ध में सिविल अस्पताल प्रशासन की ओर से पुलिस में शिकायत की गई है। कालिया ने कहा कि एक माह पूर्व जालंधर पश्चिम से आप के विधायक शीतल अंगुराल ने जिला प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उसी तरह दुर्व्यवहार किया जैसे रमन अरोड़ा ने किया। जब PCS अधिकारियों ने हड़ताल पर जाने की धमकी दी तो शीतल अंगुराल AAP विधायक ने अमित सरीन, ADC जालंधर से माफी मांग ली। मनोरंजन कालिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जिला जालंधर की मांग है कि शीतल अंगुराल के भाई राजन अंगुराल और उसके साथ आये उन गुंडों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया जाए, जो सिविल अस्पताल गए और डॉ. हरवीन कौर और मेडिकल स्टाफ के साथ दुर्व्यवहार किया और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। पुलिस कमिश्नर जालंधर को जालंधर में अवैध रूप से चल रही दड़ा सट्टा की दुकानों का संज्ञान लेना चाहिए, जिन्हें राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। ऐसा न हो कि यह मान लिया जाएगा कि पुलिस ने राजनीतिक आकाओं के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। दड़ा सट्टा की दुकानें गरीब परिवारों का जीवन बर्बाद कर रही है। पूर्व संसदीय सचिव कृष्ण देव भंडारी ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इन सभी घटनाओं से पुलिस प्रशासन के मान सम्मान और उनकी गरिमा को बहुत ठेस पहुंची है। यह वही पुलिस प्रशासन है जिन्होंने अपनी जान की बाजी लगाकर पंजाब को आंतकवाद से मुक्त किया था। भंडारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आम आदमी पार्टी के विधायक की पुलिस के आला अफसर के साथ बदसलूकी और मारपीट की इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करती है। इस घटना से पूरे पुलिस प्रशासन में भय का माहौल पैदा हो गया है। आज पुलिस प्रशासन में छोटे से लेकर हर बड़े अफसर के मन में आज यह डर पैदा हो गया है कि आम आदमी पार्टी के नुमाइंदों की वजह से उनके साथ कहीं कोई बदसलूकी ना हो जाए। कृष्णदेव भंडारी ने डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस गौरव यादव से मांग की है कि इस सारे घटनाक्रम की उचित जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ बनती कार्रवाई कर पुलिस प्रशासन का मान मनोबल बढ़ाया जाए ताकि वह अपनी ड्यूटी कर प्रदेश की जनता की जान-माल की रक्षा पूरी मुस्तैदी से कर सके।