पंजाब के तरनतारन में आतंकी हमला, थाने पर रॉकेट लांचर दागा, हाई अलर्ट

पंजाब के तरनतारन से आतंकी हमले की सूचना है। यहां बीती रात करीब एक बजे पुलिस थाने पर रॉकेट लांचर से हमला किया गया। सरहाली थाने पर हुए इस हमले किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि स्टेशन को नुकसान पहुंचा है। नीचे देखिए तस्वीरें। आधिकारिक जानकारी की प्रतीक्षा है, लेकिन इस हमले के तार पाकिस्तान में बैठे खालिस्तान समर्थक आतंकी संगठनों से जोड़े जा रहे हैं। अब तक किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। अब तक की जानकारी के मुताबिक, रात करीब 1 बजे दागा गया राकेट थाने के लोहे के गेट से टकराया और थाने में बने सांझ केंद्र में गिरा। इससे पुलिस थाने की खिड़कियों के शीशे टूट गए। अज्ञात हमलावरों ने जिस समय इस साजिश को अंजाम दिया, उस दौरान थाना प्रभारी प्रकाश सिंह के अलावा 8 पुलिसकर्मी थाने में मौजूद थे। सूचना मिलने पर कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस जांच में जुटी है। पुलिस आधिकारिक बयान जारी करने से बच रही है। इसके बाद पूरे पंजाब में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।




