घर में घुसे दो नकाबपोश युवकों ने गाड़ी को लगाई आग

जालंधर, ग्रामीण के थाना पतारा के गांव चांदपुर में रात को यूथ भाजपा नेता के घर पर हमला कर तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रात के 1.45 बजे गेट फांदकर भाजपा नेता के घर में घुसे दो नकाबपोश युवकों ने अंदर खड़ी ब्रिजा गाड़ी को आग लगा दी। भाजपा के यूथ प्रधान सुखप्रीत सिंह ने बताया कि परिवार के सभी लोग रात 10 बजे सो गए थे। रात 2 बजे के बाद गाड़ी के सायरन की आवाज उसकी पत्नी ने सुनी, जिसके बाद वह दोनों बाहर आ गए। देखा कि उनकी ब्रिजा गाड़ी को आग लगी हुई थी। तुरंत बाद परिवार वालों व मजदूरों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
भाजपा नेता ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी, जिसके बाद थाना पतारा की पुलिस मौके पर पहुंची और उनके बयान दर्ज हैं। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई जिसमें नकाबपोश 2 युवक कार को आग लगाते नजर आए लेकिन उनके चेहरे पहचान में नहीं आ रहे थे। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
