अब भारत से ब्रह्मोस मिसाइल खरीदेगा वियतनाम!

हनोई: वियतनाम ने भारत के ब्रह्मोस मिसाइल में रूचि दिखाई है। कुछ रिपोर्टों के अनुसार, ब्रह्मोस मिसाइल को लेकर भारत और वियतनाम के बीच बातचीत अंतिम चरण में है। अगर यह डील फाइनल हो जाती है तो वियतनाम ब्रह्मोस मिसाइल खरीदने वाला दुनिया का दूसरा देश बन जाएगा। भारत ने हाल में ही फिलीपींस को ब्रह्मोस मिसाइल की डिलीवरी की है। वियतनाम की चीन के साथ पुरानी दुश्मनी है। दोनों देश 1979 में युद्ध भी लड़ चुके हैं। चीन और वियतनाम के बीच दक्षिण चीन सागर में सीमा को लेकर विवाद हैं। ऐसे में वियतनाम अपनी सैन्य शक्ति को बढ़ाने की कोशिश कर रहा है।
वियतनामी सेना ने देखी ब्रह्मोस की खूबियां
वियतनाम यूक्रेन में रूस की ओनिक्स मिसाइल की जबरदस्त मारक क्षमता को देखकर प्रभावित है। ब्रह्मोस मिसाइल को रूसी ओनिक्स मिसाइल की कॉपी माना जाता है। दोनों मिसाइलों में काफी समानताएं भी हैं। हाल ही में, वियतनाम पीपुल्स आर्मी (वीपीए) के उप प्रमुख, वरिष्ठ लेफ्टिनेंट जनरल फुंग सी टैन के नेतृत्व में एक वियतनामी प्रतिनिधिमंडल ने मलेशिया में एक रक्षा प्रदर्शनी में ब्रह्मोस मंडप की अपनी यात्रा के दौरान ब्रह्मोस मिसाइल और इसके विभिन्न वेरिएंट में गहरी रुचि दिखाई।





