*👉🏻 एक रात में चार जगह चोरी*
जालंधर,24 मई-(प्रदीप भल्ला)- थाना डिवीजन नंबर 8 के अंतर्गत पड़ते रेरु चौक के नजदीक चोरों ने 4 जगहों पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने पार्षद परमजीत सिंह रेरु के दफ्तर के साथ साथ तीन दुकानों के ताले तोड़ नकदी व कीमती सामान चुरा लिया। जानकारी के मुताबिक चोरों ने अमर फिटनेस वर्ल्ड के ताले तोड़ 6300/- रुपए चुरा लिए। उसके बाद उन्होंने पार्षद परमजीत सिंह रेरु के दफ्तर से कीमती सामान चुराया। इसके बाद चोरों ने जिम को निशाना बनाया। जिम मालिक विजय डोगरा पुत्र करतार सिंह निवासी बाबा दीप सिंह नगर ने बताया कि वह रात 10 बजे जिम बंद करके घर चले गए थे जब सुबह 9:00 बजे आए तो देखा सामान बिखरा हुआ था और कुछ सामान चोरी हो चुका था। जिम में रखे हुए कुछ रुपए भी चोरी हो चुके थे और चोर जाते समय सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ गए। जिसके बाद चोरों ने गुरु नानक फर्नीचर में भी चोरी का प्रयास किया लेकिन वहां से उन्हें कुछ हासिल नहीं हुआ। जिस कारण जाते समय वह वहां पर लगे सीसीटीवी तोड़ गए। लेकिन फर्नीचर हाउस के मालिक दविंदर सिंह के अनुसार सीसीटीवी तोड़ते समय चोर सीसीटीवी में कैद हो चुके थे। जिसकी सूचना थाना 8 की पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

