हलवारा में बन रहे अंतरराष्ट्रीय सिविल हवाई अड्डे से अक्तूबर तक शुरू हो सकती हैं उड़ाने

हलवारा (पंजाब): एयरफोर्स स्टेशन हलवारा से सटे गांव एतिआणा में बन रहे अंतरराष्ट्रीय सिविल हवाई अड्डे से उड़ाने शुरू करने की सरकारी डेडलाइन एक बार फिर बढ़ गई है। शुक्रवार को एयरपोर्ट निर्माण के सभी भागीदार विभागों के अधिकारियों के साथ हवाई अड्डे का निरीक्षण करने पहुंचे सांसद संजीव अरोड़ा ने कहा कि अक्तूबर तक उड़ाने शुरू हो सकती हैं।
हालांकि उन्होंने शुक्रवार को भी कोई पक्की तारीख नहीं दी लेकिन इतना जरूर कहा कि पंजाब के लोगों को दिवाली के तोहफे के तौर पर इस बार यह एयरपोर्ट दिया जाएगा। वर्ष 2019 से बन रहे इस एयरपोर्ट की डेडलाइन 15 से अधिक बार बढ़ चुकी है। सांसद ने बताया कि एयरपोर्ट का सिविल वर्क लगभग मुकम्मल हो चुका है बाकी काम उड़ाने शुरू होने के बाद भी चलते रहेंगे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि लगभग 10 एयरलाइंस के सीईओ को पत्र लिखकर उड़ाने शुरू करने को कहा गया है।