स्कूल टीचर से प्रेम संबंधों के चलते 19 साल के युवक ने लगाई नहर में छलांग

पंजाब के खन्ना में एक युवक ने नहर में छलांग लगा दी। युवक पानी के तेज बहाव में बह गया। उसे ढूंढने की कोशिश जारी है। हालांकि उसका अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। खन्ना के गांव जटाणा के करणप्रीत सिंह (19) ने शुक्रवार को नहर में छलांग लगा दी। मामला स्कूल टीचर से प्रेम संबंधों का बताया जा रहा है। नहर में बहे युवक के परिवार का आरोप है कि टीचर का पति और देवर उनके बेटे को धमका रहे थे। डर के कारण उनके बेटे ने नहर में छलांग लगा दी। उसका कोई सुराग नहीं मिला है। वहीं, इस मामले में पुलिस जांच में जुट गई है।
जटाणा गांव निवासी रणधीर सिंह ने बताया कि उनका बेटा करणप्रीत सिंह गांव के सरकारी स्कूल में पढ़ता था। हाल ही में 12वीं पास की। इस घटना के बाद ही उन्हें पता चला कि करणप्रीत सिंह के स्कूल की एक महिला शिक्षक के साथ प्रेम संबंध थे। इसके बारे में टीचर के परिवार को पता लगा। टीचर का पति तथा देवर कई दिनों से उनके बेटे करणप्रीत सिंह को फोन पर धमकियां दे रहे थे, जिसकी रिकॉर्डिंग पुलिस को दी गई है। करणप्रीत सिंह कोट गंगूराय से बाइक पर अपने रिश्तेदार के साथ गांव आ रहा था। कटाणी नहर पुल के पास करणप्रीत ने बाइक से छलांग लगाई और नहर में कूद गया। इसे लेकर कटाणी चौकी में पुलिस के पास शिकायत दी गई है। फिलहाल दोराहा नहर में करणप्रीत की तलाश की जा रही है।
करणप्रीत की दादी सुखदेव कौर और चाची ममता ने कहा कि इस पूरी घटना के लिए टीचर और उसके परिवार के लोग जिम्मेदार हैं। स्कूल में एक टीचर का फर्ज बनता है कि वह बच्चों को अच्छी शिक्षा दे और सही मार्ग पर चलने की नसीहत दी। टीचर ने अपने जाल में करणप्रीत को फंसाया और फिर खुदकुशी के लिए मजबूर कर दिया। उन्हें इंसाफ चाहिए नहीं तो वे संघर्ष के लिए मजबूर होंगे।


