*👉🏻 सड़क सुरक्षा सप्ताह के पांचवे दिन लगाया मेडिकल कैंप*
जालंधर,27 अप्रैल-(प्रदीप भल्ला)- सड़क सुरक्षा सप्ताह के पांचवें दिन ट्रैफिक पुलिस ने बूटा मंडी स्थित डॉक्टर अंबेडकर पार्क के सामने मेडिकल कैंप लगाया। इस दौरान वाहन चालकों की आंखों का निरीक्षण किया गया। इस मेडिकल कैंप में 242 वाहन चालकों ने अपनी आंखों का चेकअप करवाया। सात वाहन चालकों की आंखों में काले मोतिये की शिकायत निकली, जिन्हें फ्री इलाज के लिए अस्पताल में भेजा गया। एडीसीपी ट्रैफिक कुलवंत सिंह हीर, एसीपी हरबिंदर सिंह भल्ला, एसआई रमेश लाल ने इस मेडिकल कैंप में लोगों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी। एसआई रमेश लाल ने बताया कि 23 अप्रैल से 30 अप्रैल तक 29वां सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। जिसमें वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों के बारे में जागरुक किया जाएगा। मेडिकल कैंप में डॉ अरुण वर्मा, डॉ गुरप्रीत कौर, डॉ कृष्णा, एएसआई शमशेर सिंह व अन्य ट्रैफिक कर्मी मौजूद थे।

