* शिवसेना की महिला प्रधान मोबाइल चोरी के आरोप में काबू
जालंधर,2 मई- (प्रदीप भल्ला)- थाना डिवीजन नंबर 7 की पुलिस ने शिवसेना की महिला प्रधान को मोबाइल चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। जानकारी देते हुए थाना सात के प्रभारी ओंकार सिंह बराड़ ने बताया कि अंग्रेज सिंह पुत्र बखतौर सिंह निवासी अर्बन एस्टेट फेस-1 ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनकी पत्नी जसवीर कौर अर्बन एस्टेट फेस-1 में स्थित भारत गैस एजेंसी में गैस कनेक्शन अप्लाई करने के लिए गई हुई थी। उसी दिन वहां पर शिवसेना की महिला प्रधान सोनिया भी मौजूद थी। जब जसवीर कौर अपने दस्तावेज पूरे करने में लगी हुई थी तो सोनिया ने उसका मोबाइल नोकिया 5 चुरा लिया। जिसकी शिकायत थाना नंबर 7 में दी गई थी। जांच दौरान पता चला कि उक्त मोबाइल शिवसेना की महिला प्रधान सोनिया ने चुराया है। सोनिया अक्सर लोगों के काम-काज करवाने के लिए थानों में आती-जाती रहती है। जिसे काबू कर उसके पास से चोरी किया गया मोबाइल बरामद कर लिया है। आरोपी महिला से आगे पूछताछ की जा रही है ताकि और भी मामले हल हो सके।
