*👉🏻 दातर गैंग के 6 सदस्य काबू दो फरार* *👉🏻 एक देसी पिस्तौल, तीन मोटरसाइकिल, एक एक्टिवा, 20 मोबाइल, डेढ़ सौ ग्राम नशीला पदार्थ, तीन दातर व एक बेसबॉल बैट बरामद*
जालंधर,7 मई-(प्रदीप भल्ला/हरदीप सिंह)- थाना लांबड़ा की पुलिस ने लूटपाट करने वाले दातर गैंग के 6 सदस्यों को काबू किया है जबकि दो युवक भागने में सफल हुए हैं। जानकारी देते हुए थाना लांबड़ा के प्रभारी पुष्प बाली ने बताया कि उन्हें गुप्तचर ने सूचना दी थी कि नहर के साथ लगते भट्ठे वाली खाली जगह पर कुछ लोग हथियारों के साथ बैठे हुए हैं जोकि किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर अलग-अलग पुलिस टीमें बनाकर उक्त जगह पर छापेमारी की गई तो वहां से 6 लोगों को हथियारों सहित काबू कर लिया। जबकि उनके 2 साथी भागने में सफल हो गए। पकड़े गए आरोपियों के पास से एक देसी पिस्तौल 315 बोर, तीन मोटरसाइकिल, एक एक्टिवा, 20 मोबाइल फोन, डेढ़ सौ ग्राम नशीला पदार्थ, तीन दातर व एक बेसबॉल बैट बरामद हुआ है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते हैं। उक्त लोगों का सरगना परगट सिंह उर्फ दातर है जोकि 2 महीने पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया है। बाहर आते ही उसने अपना गैंग तैयार कर वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया था। इस गैंग के सदस्य परमजीत सिंह उर्फ सोनू ने वारदातें करने के लिए यूपी से 315 बोर का देसी पिस्तौल भी खरीदा था। जो पुलिस ने बरामद कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान परगट सिंह उर्फ दातर पुत्र बलदेव सिंह निवासी कुराली, बूटा पुत्र मुलखराज निवासी रसूलपुर खुर्द, जसप्रीत सिंह उर्फ वीरू पुत्र बलदेव सिंह निवासी कुराली, मनदीप सिंह पुत्र मोहन सिंह निवासी कुराली, मनदीप सिंह पुत्र मोहन सिंह निवासी कुराली, जसकीरत सिंह पुत्र रंजीत सिंह निवासी कुराली के रूप में हुई है। जबकि परमजीत सिंह उर्फ सोनू पुत्र बलदेव सिंह निवासी कुराली व निज्जर निवासी कुराली मौके से फरार हो गए। जिनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस ने सभी आरोपियों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
