*👉🏻 सैदां गेट की चार दुकानों से चोरों ने उड़ाई लाखों की नकदी*
जालंधर,8 मई-(प्रदीप भल्ला)- थाना डिवीजन नंबर चार के अधीन आती सैदां गेट में चोरों ने एक साथ चार दुकानों से लाखों की नकदी व गहने चुरा लिए। सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने आए तो देखा की दुकानों में चोरी हो चुकी थी। जिन दुकानों में चोरी हुई है वह सभी एक साथ है। जानकारी देते हुए ओमप्रकाश एंड संस दुकान के मालिक संजीव शर्मा निवासी पक्का बाग़ ने बताया कि चोर उनकी दुकान की छत से दाखिल हुए और दुकान के गल्ले में पड़ी हुई हज़ारों की नकदी चुरा ली।जिसके बाद चोर सरदार पगड़ी हाउस में घुसे और वहां पर वारदात को अंजाम दिया। जिसके मालिक रविंद्रजीत सिंह निवासी सेठ हुक्म चंद कॉलोनी ने बताया कि उनकी दुकान के गल्ले से चोरों ने 55 हज़ार की नकदी व एक सोने की चेन चुरा ली। वहीं माई सिटी हार्ट नामक दुकान के मालिक कुणाल निवासी तेल वाली गली ने बताया कि चोरों ने उनकी दुकान के गल्ले से 25 हज़ार की नकदी चोरी कर ली। चोरों ने साथ ही लगते क्लिनिक को भी निशाना बनाया। अमित स्लोत्रा क्लीनिक के मालिक अमित ने बताया कि चोरों ने उनकी दुकान को भी निशाना बनाया है। क्लीनक से चोरों ने 23,500 की नकदी व एक सोने की चेन व झुमके चुरा लिए। घटना की सूचना मिलते ही थाना चार के प्रभारी प्रेम कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।पुलिस दुकानों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांचने में लगी हुई है ताकि चोरों तक पहुंचा जा सके। पुलिस ने दुकानदारों के बयान दर्ज करके आगे की जांच शुरू कर दी है।