संदिग्ध परिस्थितियों में दो भाइयों की मौत

जालंधर,11 मई-(प्रदीप भल्ला)- थाना डिवीजन नंबर पांच के अधीन आते रतन नगर में संदिग्ध परिस्थितियों में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक गुलाब देवी रोड पर पड़ते गंदे नाले के नजदीक दो युवक जमीन पर पड़े हुए थे। जिन्हें लोगों ने उठाकर निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। जहां पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों युवक सगे भाई है। मृतक युवकों की पहचान सौरभ और नितिन पुत्र राजेश कुमार निवासी रतन नगर के रूप में हुई है। नितिन और सौरभ के इलावा इनके दो और भाई हैं। मृतक युवक सुबह शादी पर जाने के लिए निकले थे। मृतक युवकों के परिजन शादी स्थल पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि नितिन और सौरभ वहां मौजूद नहीं थे। परिजनों ने उनके मोबाइल नंबर पर फोन किया तो फोन किसी और ने उठाया और परिजनों को बताया कि वह नितिन और सौरभ को निजी अस्पताल लेकर आए हैं। जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गौरतलब है कि मृतक सौरभ कुछ दिन पहले ही विदेश से लौटा था। घटना की सूचना मिलते ही थाना 5 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।