*👉🏻 घल्लूघारा सप्ताह के चलते चप्पे-चप्पे पर पुलिस लेकिन लुटेरों के हौंसले बुलंद* *👉🏻 महिला की बाली खींच लुटेरा फरार*
जालंधर,6 जून-(प्रदीप भल्ला)- घल्लूघारा सप्ताह के चलते शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात होने के बावजूद लुटेरों के हौसले बुलंद है। आज शाम जीपीओ के बाहर एक महिला के कान में पहनी सोने की बाली खींच बाइक सवार लुटेरा फरार हो गया। पीड़ित महिला निर्मला देवी ने बताया कि वह अपनी रिश्तेदार के साथ अपने दोपहिया वाहन पर किसी काम के सिलसिले में नामदेव चौक की तरफ जा रही थी। जैसे ही जीपीओ के बाहर पहुंची तो पीछे से आए बाइक सवार लुटेरे ने कान में पहनी हुई सोने की बाली खींची और फरार हो गया। महिला के अनुसार जब तक वह कुछ समझ पाती लुटेरा वहां से निकल चुका था। सूचना मिलते ही जब मीडिया कर्मी वहां पहुंचे और महिला को पुलिस कम्प्लेंट करने को कहा तो पीड़ित महिला ने पुलिस को शिकायत करने से इनकार कर दिया और वहां से चली गई। गौरतलब है कि सुबह से शाम तक कंपनी बाग चौक, स्काईलार्क चौक और बीएमसी चौक में पुलिसकर्मी नाका लगाकर दोपहिया वाहन चालकों के चालान करने में लगे रहते हैं। लेकिन इसके बावजूद चोर लुटेरों के हौसले इतने बुलंद है कि वह वारदात को अंजाम देकर उनके सामने से निकल जाते हैं।



